Dominican Republic : डोमिनिकन रिपब्लिक में एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है. देश के ला रोमाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग के प्रयास के दौरान एक निजी जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे के बाद विमान में भीषण आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरा एयरक्राफ्ट जलकर खाक हो गया. इस दुर्घटना में विमान के पायलट और को-पायलट की मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, अमेरिकी रजिस्ट्रेशन वाला गल्फस्ट्रीम G200 प्राइवेट जेट प्यूर्टो रिको से टेक्सास के लिए रवाना हुआ था. उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिली. प्रारंभिक रिपोर्टों में इंजन फेल होने या हाइड्रोलिक सिस्टम में समस्या आने की आशंका जताई गई है. इसके बाद चालक दल ने विमान को वापस एयरपोर्ट लाकर सुरक्षित उतारने की कोशिश की.
घास वाले हिस्से में फिसला विमान
हालांकि, रनवे पर लैंडिंग के दौरान विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह रनवे से फिसलकर घास वाले हिस्से में पहुंच गया. इसके तुरंत बाद विमान में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया. हादसे में दोनों पायलटों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान एरिक जेवियर डियागो और रूडी गजल के रूप में हुई है.
पायलटों ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी सूचना
राहत की बात यह रही कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में कोई यात्री मौजूद नहीं था. बताया जा रहा है कि यह विमान पूर्व मेजर लीग बेसबॉल खिलाड़ी यादियर मोलिना, उनके परिवार और दोस्तों को लेने जा रहा था. मोलिना ने बाद में पुष्टि की कि वह और उनका परिवार उस समय विमान में सवार नहीं थे.
विमान का संचालन प्यूर्टो रिको स्थित एबोनिटो एविएशन कंपनी द्वारा किया जा रहा था. उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद तकनीकी खराबी सामने आने पर पायलटों ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी और वापस लौटने का फैसला किया. लेकिन इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान यह दुखद हादसा हो गया.
दुर्घटना के बाद शुरू हुई विस्तृत जांच
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एयरपोर्ट परिसर से घना धुआं उठता दिखाई दे रहा है, जबकि दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास करते नजर आ रहे हैं. स्थानीय एविएशन अधिकारियों ने दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और तकनीकी खराबी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.
हादसे के बाद सुरक्षा मानकों पर बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि ला रोमाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में से एक के नजदीक स्थित है. इससे पहले भी डोमिनिकन रिपब्लिक में निजी विमानों से जुड़े कई हादसे हो चुके हैं. वर्ष 2021 में भी एक निजी विमान दुर्घटना में नौ लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद विमान सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठे थे.
ये भी पढ़ें- ‘पेड्डी’ में जाह्नवी का लुक बना बहस का मुद्दा, कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









