Nalanda Murder Case : बिहार के नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के परासी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की पिटाई कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने घटना को छिपाने के लिए इसे सीढ़ी से गिरने की दुर्घटना बताने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया.
मृतका की पहचान 30 वर्षीय राखी कुमारी के रूप में हुई है, जो मनीष कुमार उर्फ सूरजभान की पत्नी थी. बताया जा रहा है कि मनीष हाल ही में जेल से जमानत पर रिहा होकर घर लौटा था. उस पर पहले भी गांव की एक नाबालिग से जुड़े छेड़खानी के मामले में जेल जाने का आरोप रहा है, जिसमें वह करीब सात महीने तक बंद रहा था.
शादी और पारिवारिक पृष्ठभूमि
परिवार के मुताबिक, राखी कुमारी का विवाह वर्ष 2020 में उपेंद्र सिंह की पुत्री के रूप में हुआ था. दंपति के दो छोटे बच्चे हैं. एक लगभग साढ़े चार वर्ष की बेटी और ढाई वर्ष का बेटा. परिवार का आरोप है कि आरोपी अक्सर पैसों की मांग करता था और मांग पूरी न होने पर पत्नी के साथ मारपीट करता था. घटना की रात स्थानीय लोगों ने मृतका के परिजनों को फोन कर गंभीर स्थिति की जानकारी दी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए नालंदा सदर अस्पताल ले जाया गया.
हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी. शव पर कई जगह चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे मारपीट की आशंका और मजबूत हो गई है.
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला घरेलू हिंसा और हत्या का प्रतीत हो रहा है. शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है. वहीं, आरोपी पति की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें- अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ का शानदार कलेक्शन, दूसरे दिन भी जारी रफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









