Punjab

पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण को लेकर गंभीर, मंत्री ने ली प्रगति रिपोर्ट

Punjab News : पंजाब के रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने शुक्रवार शाम पंजाब सचिवालय में रक्षा सेवा कल्याण विभाग के कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए उच्च अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक की। इस अवसर पर रक्षा सेवा कल्याण विभाग के प्रधान सचिव सुमेर सिंह गुर्जर और निदेशक भूपिंदर सिंह ढिल्लों (सेवानिवृत्त) विशेष रूप से उपस्थित थे।

वर्तमान स्थिति पर की गई विस्तारपूर्वक चर्चा

बैठक के दौरान अधिकारियों ने मंत्री को जानकारी दी कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से संबंधित मामलों में काफी प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि विभिन्न युद्धों के दौरान शहीद हुए अधिकांश सैनिकों के परिवारों को पंजाब सरकार द्वारा पहले ही मुआवजा दे दिया गया है।

इसके अलावा बाकी बचे मामलों और उनकी वर्तमान स्थिति पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि खाली पदों को भरने के लिए कार्रवाई भी तेजी से की जा रही है। इस मौके पर विभागीय बजट और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

सैनिकों के प्रति पूर्ण श्रद्धा और सम्मान

बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री भगत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से संबंधित सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करते हुए अपनी जान न्योछावर करने वाले बहादुर सैनिकों के प्रति पंजाब सरकार पूर्ण श्रद्धा और सम्मान रखती है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की भलाई के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और उनकी हर संभव सहायता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- Weather Update : दिल्ली में फिर बदलेगा मौसम, आंधी-तूफान के साथ बारिश से मिलेगी राहत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button