UP News : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के मोरना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी में स्थित एक मस्जिद से जुड़ा मामला सामने आया है, जहां एक हिंदू युवक को कथित रूप से 100 रुपये देकर नमाज पढ़ाई गई. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कम मच गया.
बताया गया है कि युवक को मस्जिद में ले जाकर उससे नमाज पढ़वाई गई और उसका वीडियो भी बनाया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया. वीडियो सामने आने के बाद कुछ हिंदू संगठनों में नाराजगी देखी गई और उन्होंने इस मामले को लेकर विरोध जताया.
नमाज पढ़वाकर बनाया वीडियो
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के हरिद्वार निवासी राकेश कुमार, जो पिछले करीब 15 वर्षों से मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के गांव सीकरी में नौकरी कर रहे हैं, ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति उन्हें भोकरहेड़ी स्थित मस्जिद में ले गया. वहां उन्हें 100 रुपये देकर नमाज पढ़ने के लिए कहा गया और इस दौरान वीडियो भी रिकॉर्ड की गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठन के कुछ लोग थाने पहुंचे और युवक से पूरी जानकारी ली, उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. इस दौरान संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई. पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं, अधिकारियों का कहना है कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. साथ ही वीडियो में शामिल लोगों की पहचान करने और घटना के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ का शानदार कलेक्शन, दूसरे दिन भी जारी रफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









