Haryana

महेंद्रगढ़ में बैंक कर्मचारी की मौत से सनसनी, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

Haryana News : महेंद्रगढ़ जिले में एक गोल्ड लोन बैंक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बुचावास रेलवे स्टेशन के पास 34 वर्षीय दिनेश का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक का अपहरण कर उसे बेरहमी से पीटा गया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं घटना के विरोध में ग्रामीणों ने थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया है।

गोल्ड लोन बैंक में करता था काम

जानकारी के अनुसार, गांव गुढा निवासी नीतू कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भाई दिनेश महेंद्रगढ़ स्थित एक गोल्ड लोन बैंक में काम करता था। 15 अप्रैल को वह रोजाना की तरह सुबह 9 बजे घर से बैंक के लिए निकला था। बैंक प्रबंधन की ओर से परिजनों को बताया गया कि वह करीब 10:30 बजे बैंक से निकल गया था।

फोन पर दी गई धमकी

परिजनों का आरोप है कि उसी दिन शाम को दिनेश के मोबाइल से घर पर एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को किसी महिला के पति के रूप में बताते हुए आरोप लगाए कि दिनेश उसकी पत्नी से बात करता था। इसके बाद फोन पर धमकी दी गई और युवक को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

मदद की गुहार लगाने की आवाज

शिकायत के अनुसार, फोन के दौरान पृष्ठभूमि में दिनेश के रोने और मदद की गुहार लगाने की आवाजें भी सुनी गईं। साथ ही कुछ लोगों को उसे जान से मारने की बात करते हुए सुना गया। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद दिनेश के साथ मारपीट की गई और उसे गंभीर हालत में छोड़ दिया गया, जिसके बाद उसका शव बुचावास रेलवे स्टेशन के पास एक स्कूटी के साथ मिला।

आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी

पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

थाने के बाहर परिजनों का धरना

इधर, घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया है। उनकी मांग है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक पुलिस अधीक्षक मौके पर आकर आश्वासन नहीं देते, तब तक धरना जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें- यूपी आंगनवाड़ी भर्ती 2026, 12वीं पास महिलाओं के लिए सुनहरा मौका, बिना परीक्षा होगी भर्ती

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button