Aparna Yadav protest : लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के पारित न हो पाने के साथ ही परिसीमन से जुड़ा प्रस्ताव भी आगे नहीं बढ़ सका. इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी है. इसी क्रम में लखनऊ में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष और बीजेपी नेता अपर्णा यादव ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और इसे महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया, उन्होंने लखनऊ विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया और समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के झंडे जलाकर विरोध जताया.
अपर्णा यादव ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि “आज इस अंधेरी रात में मैं इन दुर्योधन और दुश्शासन रूपी राजनीतिक पार्टियों का झंडा जला कर सम्पूर्ण भारतीय नारी शक्ति की अस्मिता की ज्योति जलाने आई हूँ,” उन्होंने आगे कहा कि अगर वह एक महिला होते हुए इस समय चुप रहतीं, तो उनकी अंतरात्मा उन्हें कभी माफ नहीं करती, उन्होंने अपने प्रदर्शन के जरिए विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि भारतीय नारी के अधिकारों का विरोध करने वालों को इसके परिणाम भुगतने होंगे और देश की नारी शक्ति उन्हें कभी माफ नहीं करेगी.
पहली बार नहीं बनी यह स्थिति
उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा कि यह स्थिति पहली बार नहीं बनी है. इससे पहले 1996, 1998 और 2003 में भी महिला आरक्षण से जुड़े प्रयास सफल नहीं हो सके थे और अब 2026 में फिर वही हालात देखने को मिले हैं. उनका आरोप था कि विपक्ष महिलाओं को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहता, खासकर साधारण परिवारों से आने वाली महिलाओं को, और वह केवल अपने परिवारों तक ही अवसर सीमित रखना चाहता है.

लखनऊ में विरोध प्रदर्शन करने पहुंचीं
उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि देश की महिलाएं इस रवैये को कभी स्वीकार नहीं करेंगी, उन्होंने इसे महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के खिलाफ गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इस तरह की सोच समाज के लिए खतरनाक है. इसी के विरोध में वह लखनऊ में प्रदर्शन करने पहुंचीं, उन्होंने इस दिन को ‘काली रात’ बताया और कहा कि यह महिलाओं के सम्मान पर चोट करने वाली स्थिति है. साथ ही उन्होंने विपक्ष की सोच की तुलना महाभारत के पात्रों दुर्योधन और दुशासन से करते हुए कहा कि जिस तरह उस समय महिलाओं का अपमान हुआ था, वैसी मानसिकता आज भी कुछ लोगों में दिखाई दे रही है.
ये भी पढ़ें- ईरान अमेरिका को सौंपेगा यूरेनियम, शांति समझौते के करीब दोनों देश, ईरान बोला- हवाई किले बनाना बंद करें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









