GJU Violent Protest : गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) में हुए प्रदर्शन और कथित तोड़फोड़ मामले में हिसार पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस मामले में दिग्विजय सहित अन्य आरोपितों को नामजद किया गया है। पुलिस ने अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
धर्मशाला में एकत्रित हुई भीड़
पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद लगभग 250 से 260 लोगों की भीड़ यादव धर्मशाला में एकत्रित हुई। इसके बाद यह भीड़ दोपहर करीब 12:10 बजे विश्वविद्यालय परिसर की ओर बढ़ी और गेट नंबर-3 पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की हुई।
कई धाराओं में मामला दर्ज
आरोप है कि भीड़ ने बलपूर्वक परिसर में प्रवेश किया और कुलपति कार्यालय के गेट को नुकसान पहुंचाया, साथ ही सरकारी संपत्ति को भी क्षति पहुंचाई। इस घटना को गंभीर मानते हुए थाना शहर हिसार में दिग्विजय सहित अन्य के खिलाफ आपराधिक अतिचार, दंगा, सरकारी संपत्ति को नुकसान और लोक सेवकों के कार्य में बाधा जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बाकी शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें- आई.एस.आई. मॉड्यूल पर पंजाब पुलिस का प्रहार, चार हैंड ग्रेनेड, दो पिस्तौल सहित एक व्यक्ति अमृतसर से गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









