Other Statesराज्य

कोलकाता में मनी लॉन्ड्रिंग केस गरमाया, ED ने पुलिस अफसर के फ्लैट पर मारा छापा

Kolkata ED Raid : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कोलकाता में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस के डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास के फ्लैट पर छापा मारा. शांतनु सिन्हा का घर बल्लीगंज के फर्न रोड इलाके में है. इसी के साथ ईडी की टीम सन एंटरप्राइज के मैनेजिंग डायरेक्टर जॉय कामदार के बेहाला स्थित आवास पर भी पहुंची.

जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम रविवार सुबह करीब 6:30 बजे दोनों के घर पहुंची और जांच शुरू की. अधिकारियों ने वहां पूछताछ भी की. शांतनु सिन्हा बिस्वास पहले कालीघाट थाने के प्रभारी रह चुके हैं और इससे पहले उन्हें कोयला घोटाले के मामले में दिल्ली भी बुलाया गया था.

तीन ठिकानों पर छापेमारी

ईडी ने अब तक कुल तीन जगहों पर छापेमारी की है, जिनमें दो ठिकाने शांतनु सिन्हा बिस्वास से जुड़े हैं और एक जॉय कामदार का है. यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) से जुड़े मामले में की जा रही है.

यह पूरा मामला ‘सोना पप्पू’ नाम के एक स्थानीय अपराधी से जुड़ा है. उस पर हत्या के प्रयास और जबरन वसूली जैसे कई गंभीर आरोप दर्ज हैं. दक्षिण कोलकाता के कस्बा और बल्लीगंज इलाकों में उसका प्रभाव बताया जाता है. फरवरी में हुए गोलपार्क गैंगवार में भी उसका नाम सामने आया था, लेकिन वह अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है.

ED जांच में सामने आई बातें

वहीं, जांच एजेंसियों का आरोप है कि पप्पू निर्माण कंपनियों से बड़ी रकम वसूलता था और इस पैसे को प्रभावशाली लोगों तक पहुंचाता था. इससे पहले 1 अप्रैल को भी ईडी ने इस मामले में तलाशी अभियान चलाया था, जिसमें कुछ जगहों से 1.47 करोड़ रुपये नकद, 67.64 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और एक देसी रिवॉल्वर बरामद की गई थी.

शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन में केस दर्ज

यह जांच कोलकाता पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू हुई है, जिसमें दंगा, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन जैसे आरोप शामिल हैं. ईडी के अनुसार, पप्पू और उसके सहयोगी संगठित अपराध के जरिए अवैध तरीके से पैसा जुटा रहे थे. एजेंसी ने उसे समन भी भेजा है, लेकिन वह अब तक जांच में शामिल नहीं हुआ है.

ये भी पढ़ें- अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ का शानदार कलेक्शन, दूसरे दिन भी जारी रफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button