Rajasthan News : खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाने में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस थाने के मालखाना इंचार्ज, हेड कॉन्स्टेबल हरपाल सिंह (50) को अचानक गोली लग गई। घटना उस समय हुई जब वे अकेले हथियारों की जांच कर रहे थे और पिस्टल अचानक चल गई।
गंभीर स्थिति में कराया गया भर्ती
तेज आवाज सुनकर अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे, तो हरपाल सिंह बेहोशी की स्थिति में जमीन पर पड़े थे, हालांकि उनकी सांसें चल रही थीं। उन्हें तुरंत मुंडावर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज बहरोड़ के पार्क हॉस्पिटल में जारी है।
तत्काल ओटी में किया गया शिफ्ट
पार्क हॉस्पिटल के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर डॉ. प्रदीप मलिक ने बताया कि हरपाल सिंह के सिर में गोली लगी थी, जिसमें एंट्री और एग्जिट पॉइंट दोनों हैं। उनके हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल ओटी में शिफ्ट किया गया।
हथियार जांच के दौरान हुई दुर्घटना
खैरथल-तिजारा की एएसपी जया सिंह और डीएसपी लाल सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच की। पुलिस का कहना है कि यह दुर्घटना हथियार जांच के दौरान हुई प्रतीत होती है, लेकिन सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है।
मामले की जांच में जुटी टीम
एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर ब्लड सैंपल, फुटप्रिंट और फिंगरप्रिंट लेकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि तकनीकी खराबी या किसी लापरवाही की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संभव होगी।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में पेट्रोल के दाम 100 के करीब! नई कीमतों से रोज़ाना करोड़ों का खर्च बढ़ा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









