Jaipur News : पिंक सिटी जयपुर में देर रात तेज आंधी और बारिश ने फिर से कहर बरपा दिया. तेज हवाओं के चलते बिजली का एक तार टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे बड़ा हादसा हो गया. इस करंट की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई. यह घटना जयसिंहपुरा खोर इलाके की बताई जा रही है.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली. वहीं, जवाहर नगर कच्ची बस्ती सहित कई इलाकों में मकानों के कुछ हिस्से ढहने की भी घटनाएं सामने आई हैं.
वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बदला मौसम
तेज हवाओं और बारिश के चलते पेड़, होर्डिंग्स और निर्माण ढांचों के गिरने से करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है. कई स्थानों पर बिजली के खंभे भी गिर गए, जिससे रास्तों पर बाधा उत्पन्न हो गई.
रातभर शहर में रुक-रुक कर बारिश होती रही. अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं कई क्षेत्रों में भारी नुकसान भी पहुंचाया. मौसम में यह बदलाव वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव के कारण बताया जा रहा है, जिसका असर सिर्फ जयपुर ही नहीं बल्कि राजस्थान के अधिकांश जिलों में देखने को मिला. कई इलाकों में आंधी और बारिश की स्थिति बनी रही.
कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी
तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ गिरने से सड़कें अवरुद्ध हो गईं, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ. प्रशासन की ओर से सुबह से ही मलबा हटाने और रास्ते साफ करने का काम जारी है. मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है और राज्य के बड़े हिस्से में मौसम के खराब रहने की संभावना जताई गई है.
ये भी पढ़ें- पंजाब में स्ट्रे डॉग्स के खतरे पर सरकार अलर्ट, कैबिनेट मंत्री अरोड़ा ने दिए सख्त निर्देश
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









