UP News : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। भीषण गर्मी और रसोई गैस की किल्लत के बीच यहां एक दूल्हे ने शादी से ठीक पहले ऐसी शर्त रख दी, जिसे सुनकर मौके पर मौजूद लोग कुछ देर के लिए हैरान रह गए।
मामला लोनी कटरा थाना क्षेत्र के खैरा बीरू गांव का है, जहां रहने वाले दूल्हे अशोक अपनी बारात लेकर दुल्हन लक्ष्मी के घर पहुंचे थे। शादी की रस्में शुरू होने ही वाली थीं और जयमाल का इंतजार हो रहा था, तभी दूल्हे ने अचानक एक सवाल उठाकर माहौल को गंभीर बना दिया।
शादी से पहले हुई थी गैस की दिक्कत
दरअसल, अमेरिका ईरान युद्ध के कारण अशोक को शादी से पहले घरेलू गैस सिलेंडर लेने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। कई दिनों तक एजेंसी के चक्कर काटने और लंबी लाइनों में खड़े रहने के बावजूद उन्हें समय पर गैस नहीं मिल सकी। इस परेशानी ने उनके मन में एक चिंता पैदा कर दी, जिसे उन्होंने शादी के मंच पर ही सामने रख दिया।
जयमाल से ठीक पहले दूल्हे ने दुल्हन लक्ष्मी से पूछा कि अगर भविष्य में गैस की किल्लत हो जाए, तो क्या वह चूल्हे पर खाना बनाने के लिए तैयार रहेंगी। यह सवाल सुनते ही वहां मौजूद बाराती और घराती एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे। कुछ देर के लिए माहौल में सन्नाटा छा गया।
दुल्हन ने दिया बेहद समझदारी से जवाब
लेकिन दुल्हन लक्ष्मी ने बेहद समझदारी और सहजता का परिचय दिया। उन्होंने बिना किसी झिझक के दूल्हे की शर्त मान ली और कहा कि जरूरत पड़ी तो वह चूल्हे पर खाना बनाने के साथ-साथ खेतों में काम करने से भी पीछे नहीं हटेंगी। उनके इस जवाब ने न सिर्फ दूल्हे को संतुष्ट किया, बल्कि वहां मौजूद सभी लोगों का दिल भी जीत लिया।
दुल्हन के सकारात्मक जवाब के बाद माहौल फिर से खुशनुमा हो गया और शादी की रस्में धूमधाम से पूरी की गईं। जयमाल के साथ-साथ सभी पारंपरिक रीति-रिवाज निभाए गए और दोनों ने सात फेरे लेकर एक नए जीवन की शुरुआत की।
यह अनोखी शादी अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे बदलते समय के बीच व्यवहारिक सोच और आपसी समझ का एक दिलचस्प उदाहरण मान रहे हैं।
ये भी पढ़ें : ‘हमारी जीत होगी, TMC जीत रही है’, वोट डालने के बाद बोलीं ममता बनर्जी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









