Delhi Schools Summer Vacation : उत्तर-मध्य भारत इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने अधिक गर्मी को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं।
समर वेकेशन को लेकर तैयारियां शुरू
बढ़ती गर्मी को देखते हुए कई राज्यों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ जगहों पर गर्मी की छुट्टियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं। छत्तीसगढ़, ओडिशा और केरल जैसे राज्यों में स्कूल बंद हो चुके हैं। वहीं, दिल्ली में भी बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समर वेकेशन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
11 मई से शुरु हो सकती है छुट्टियां
दिल्ली के सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में इस बार गर्मी की छुट्टियां 11 मई 2026 से शुरू होने की संभावना है। पिछले शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार भी इसी समय के आसपास समर वेकेशन शुरू हुआ था। उम्मीद की जा रही है कि इस बार भी करीब 50 दिनों की छुट्टियां दी जा सकती हैं।
पिछले वर्षों के ट्रेंड के अनुसार दिल्ली में समर वेकेशन लगभग डेढ़ महीने तक रहता है। आमतौर पर स्कूल 11 मई से बंद होकर जून के अंत या जुलाई की शुरुआत में फिर से खुलते हैं। हालांकि शिक्षकों को स्कूल खुलने से कुछ दिन पहले ही बुलाया जाता है।
गर्मी से राहत के लिए वॉटर बेल सिस्टम
भीषण गर्मी से बचाव के लिए स्कूलों में ‘वॉटर बेल’ सिस्टम लागू किया गया है। इस व्यवस्था के तहत हर 45 से 60 मिनट पर घंटी बजाई जाती है, ताकि छात्रों को पानी पीने की याद दिलाई जा सके और डिहाइड्रेशन से बचाव हो सके। यह पहल छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए की गई है।
मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के येलो अलर्ट और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए शिक्षा विभाग हालात पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही स्कूलों की छुट्टियों को लेकर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









