Varanasi Crime News : उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के काशी के ग्रामीण क्षेत्र में रविवार देर रात एक मामूली सड़क हादसा हिंसक घटना में बदल गया. फूलपुर थाना क्षेत्र के भरथरा (घमहापुर) गांव में एक कारखाना संचालक की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
बताया जा रहा है कि गांव के रहने वाले 40 वर्षीय मनीष सिंह अपने दोना-पत्तल के कारखाने से काम खत्म कर कार से घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी से गांव की ही बिंदु देवी को हल्की टक्कर लग गई, जिससे उन्हें पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग और महिला के परिजन आक्रोशित हो उठे.
पीट-पीटकर ले ली जान
चश्मदीदों के अनुसार, पहले मनीष और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति बिगड़ गई. गुस्साई भीड़ ने उन्हें कार से बाहर खींच लिया और लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल मनीष को परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसनी ले गए, जहां से उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
गांव में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे. गांव में हालात को देखते हुए पीएसी की तैनाती कर दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है. शव को शिवपुर स्थित मर्चरी हाउस में रखा गया है.
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने 8 नामजद और 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है. अब तक 11 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
ये भी पढ़ें- IRS Daughter Murder Case : ऑनलाइन गेमिंग और अश्लील लत में डूबा आरोपी, पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









