Haryana

मानसून से पहले हरियाणा सरकार अलर्ट, बाढ़ और आपदा से निपटने की तैयारी तेज

Haryana News : हरियाणा सरकार ने आने वाले मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए राज्य में संभावित बाढ़, हीटवेव और सूखे जैसी आपदाओं से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने सभी मंडलायुक्तों और उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में तुरंत कंट्रोल रूम सक्रिय करें और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाएं।

इंटरनेट कनेक्टिविटी और पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) पंचकूला में पहले से ही 24 घंटे कार्यरत है। अब सभी जिलों को मई मध्य तक अलग से बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित करने और बेहतर समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संचार व्यवस्था, इंटरनेट कनेक्टिविटी और पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।

जलस्तर की निगरानी और समय पर चेतावनी

सरकार द्वारा जारी कार्ययोजना में संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, संभावित निकासी योजना तैयार करने और राहत सामग्री की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा जलस्तर की लगातार निगरानी और समय पर चेतावनी जारी करने के लिए डिजिटल सिस्टम और स्थानीय माध्यमों को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

एनडीआरएफ इकाइयों की तैनाती की समीक्षा

आपदा के समय त्वरित राहत और बचाव कार्यों के लिए विशेष टीमों और एनडीआरएफ इकाइयों की तैनाती की समीक्षा की जा रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अस्थायी आश्रय स्थल, पेयजल, स्वच्छता और भोजन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी तैयारी की जा रही है।

जन-जागरूकता अभियान शामिल

स्वास्थ्य विभाग को भी बाढ़ के बाद फैलने वाली बीमारियों को रोकने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसमें वेक्टर नियंत्रण, दवाओं की उपलब्धता और जन-जागरूकता अभियान शामिल हैं, ताकि लोगों को समय रहते सतर्क किया जा सके। सरकार का उद्देश्य है कि मानसून के दौरान किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और जान-माल के नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।

ये भी पढ़ें- RBI Grade B भर्ती 2026 : जानिए योग्यता, चयन प्रक्रिया और आवेदन की अंतिम तिथि

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button