Delhi Fire : दिल्ली के विवेक विहार इलाके में देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. आग एक इमारत के 6 फ्लैटों में फैल गई, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
मिली जानकारी के अनुसार, तड़के करीब 3:47 बजे दमकल विभाग को आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं. आग लगने के दौरान कई लोग इमारत में फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. पुलिस और दमकल विभाग का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, हालांकि सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है. इस इमारत में कुल 8 परिवार रहते थे.
आग की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में
पुलिस के मुताबिक, 3 मई को सुबह करीब 3:48 बजे विवेक विहार थाना पुलिस को आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही एसएचओ और एसीपी सहित पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. दमकल विभाग और क्राइम टीम भी विवेक विहार फेज-I स्थित बी-13 परिसर में पहुंच गई.
डीडीएमए और पुलिस टीम तैनात
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर बने फ्लैटों में आग लगी थी. बचाव अभियान के दौरान 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इनमें से दो लोगों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया. मौके पर डीडीएमए स्टाफ, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस के साथ कुल 12 दमकल गाड़ियां तैनात रहीं. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.
घटना से सोसाइटी में मची अफरा-तफरी
गौरतलब है कि हाल ही में गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में भी एक ऊंची इमारत में आग लगने की घटना सामने आई थी. गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में लगी इस आग ने 9वीं से 13वीं मंजिल तक के फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया था. आग से उठता धुआं दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक दिखाई दिया था.
उस घटना के दौरान भी सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था. दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था. घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए थे.
ये भी पढ़ें- पंजाब में स्ट्रे डॉग्स के खतरे पर सरकार अलर्ट, कैबिनेट मंत्री अरोड़ा ने दिए सख्त निर्देश
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









