Jaisalmer News : जैसलमेर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां बाइक पर रखे एसी गैस सिलेंडर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। यह घटना जयनारायण व्यास कॉलोनी में करीब 10:30 बजे हुई, जिसमें बाइक सवार मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके के बाद वह सड़क पर जा गिरा और उसे तुरंत जवाहिर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जोधपुर रेफर कर दिया गया।
एक होटल के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गफूर भट्टा निवासी 25 वर्षीय चंद्रप्रकाश माली एसी गैस रिफिलिंग का काम करता है। वह अपने साथी सवाईराम के साथ जोधपुर से आए रिफिल गैस सिलेंडर को लेने गया था। दोनों जब एक होटल के पास रुके, तभी बाइक पर रखे सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया।
सिलेंडर के हुए दो टुकड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि सिलेंडर दो टुकड़ों में बंट गया और आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। वहीं होटल के छज्जे को भी नुकसान पहुंचा और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अंदरूनी हिस्सों में आई गंभीर चोटें
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल चंद्रप्रकाश को अस्पताल पहुंचाया। उसकी कमर और अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सिलेंडर में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ तथा कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।
ये भी पढ़ें- Haryana News : लाडो लक्ष्मी योजना की 7वीं किस्त जारी, 9.76 लाख महिलाओं को मिला ₹205 करोड़ का लाभ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









