Punjab News : पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने राजस्थान फीडर नहर की चल रही रीलाइनिंग परियोजना का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए.
मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि यह नहर पंजाब के कई गांवों और शहरों के नजदीक से गुजरती है और लगभग 60 वर्ष पुरानी होने के कारण इसकी लाइनिंग काफी जर्जर हो चुकी थी. पिछले समय के दौरान राजस्थान फीडर नहर और सरहिंद फीडर के कॉमन बैंक टूटने के कारण आसपास के क्षेत्रों में नुकसान का खतरा बना रहता था. इसी नुकसान को रोकने के उद्देश्य से यह कार्य करवाया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि सरहिंद फीडर नहर के पुनर्निर्माण का कार्य 800 करोड़ रुपये की लागत से पहले ही पूरा किया जा चुका है और अब राजस्थान फीडर नहर की रीलाइनिंग पूरी होने के बाद दोनों नहरों के साथ लगते गांवों और शहरों को संभावित जान-माल के नुकसान से बचाया जा सकेगा तथा खेतों को अधिक नहरी पानी उपलब्ध होगा.
राजस्थान को हिस्से के अनुसार मिलेगा पानी
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि फरीदकोट की सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए फरीदकोट शहर के निकट राजस्थान फीडर की 12.50 किलोमीटर लंबाई में कंक्रीट की बजाय ईंटों की लाइनिंग की जा रही है ताकि भूजल रिचार्ज को सुनिश्चित किया जा सके.
उन्होंने कहा कि रीलाइनिंग कार्य पूरा होने के बाद नहर को उसकी क्षमता के अनुसार चलाया जाएगा और राजस्थान को उसके हिस्से के अनुसार ही पानी उपलब्ध करवाया जाएगा, उन्होंने कहा कि यह परियोजना सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा और भूजल संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगी.
टेल-एंड के खेतों तक पहुंचा नहरी पानी
मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि राजस्थान फीडर नहर की 80 किलोमीटर रीलाइनिंग का कार्य वर्ष 2023 तक सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया था, लेकिन नहर बंदी नहीं मिलने के कारण शेष कार्य पूरा नहीं हो सका था. अब वर्ष 2026 की बंदी के दौरान बाकी बची 16.62 किलोमीटर लाइनिंग का कार्य युद्ध स्तर पर करवाया जा रहा है, जिस पर लगभग 170 करोड़ रुपये की लागत आएगी.
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा भूजल बचाने के लिए 6700 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप सिंचाई में उपयोग होने वाले नहरी पानी की हिस्सेदारी 26 प्रतिशत से बढ़ाकर 78 प्रतिशत हो गई है. इससे किसानों के टेल-एंड के खेतों तक नहरी पानी पहुंचा है, उन्होंने कहा कि आज पंजाब का हर किसान नहरी पानी से अपने खेतों की सिंचाई कर रहा है.
रीलाइनिंग से सेम समस्या का समाधान संभव
विधायक फरीदकोट गुरदित्त सिंह सेखों ने फरीदकोट शहर को इतना बड़ा प्रोजेक्ट देने के लिए कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल और पंजाब सरकार का धन्यवाद किया, उन्होंने कहा कि उनकी मांग पर सरकार ने नहर का बेड कंक्रीट की जगह ईंटों से बनाने का निर्णय लिया, जिसके लिए वे सरकार के आभारी हैं. विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने कहा कि इन नहरों की रीलाइनिंग से क्षेत्र में सेम की समस्या का स्थायी समाधान होगा.
इस अवसर पर चेयरमैन मार्केट कमेटी फरीदकोट अमनदीप सिंह बाबा, एस.डी.एम. फरीदकोट पुनीत शर्मा, मुख्य इंजीनियर नहरें स. शेर सिंह, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर फिरोजपुर नहरें संदीप गोयल, एक्सियन रमनप्रीत सिंह मान सहित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- फ्रेशर्स के लिए सुनहरा मौका, पीएम इंटर्नशिप स्कीम से शुरू करें करियर,हर महीने मिलेंगे 9 हजार रुपए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









