PM Internship Scheme : फ्रेशर युवाओं के लिए नौकरी पाना अक्सर चुनौतीपूर्ण हो जाता है। कई बार सीवी भेजने के बावजूद जवाब नहीं मिलता, जिससे करियर की शुरुआत में निराशा हो सकती है। ऐसे में सरकार की ओर से शुरू की गई प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम एक बेहतर अवसर के रूप में सामने आती है।
इस योजना के तहत युवा देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में काम करके वास्तविक कार्य अनुभव हासिल कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन मोड में आधिकारिक पोर्टल pminternship.mca.gov.in पर जारी है।
उन्हें हर महीने दिया जाएगा स्टाइपेंड
इस स्कीम का उद्देश्य युवाओं को प्रोफेशनल दुनिया से जोड़ना और उन्हें व्यावहारिक अनुभव देना है। इंटर्नशिप के दौरान चयनित उम्मीदवारों को न केवल काम सीखने का मौका मिलेगा, बल्कि उन्हें हर महीने स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। इंटर्नशिप पूरी होने के बाद प्राप्त अनुभव भविष्य में नौकरी पाने में काफी मददगार साबित हो सकता है।
डिग्री धारक भी कर सकते हैं अप्लाई
इस योजना के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार भारतीय नागरिक होने चाहिए। विदेशी नागरिक पात्र नहीं हैं। शैक्षणिक योग्यता के तहत 10वीं, 12वीं, आईटीआई, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा, स्नातक (बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीफॉर्मा, बीई/बीटेक) और परास्नातक (एमए, एमएससी, एमकॉम, एमटेक) डिग्री धारक आवेदन कर सकते हैं। ओपन या ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई करने वाले उम्मीदवार भी इसके लिए पात्र हैं। आवेदन के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है।
प्रति माह 9000 रुपये का स्टाइपेंड
इंटर्नशिप की अवधि सामान्यतः 6 से 9 महीने की होती है, जो संबंधित कंपनी की आवश्यकता पर निर्भर करती है। इस दौरान चयनित युवाओं को लगभग 9000 रुपये प्रति माह का स्टाइपेंड दिया जाता है। कुछ कंपनियां अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी प्रदान कर सकती हैं।
ऐसे कर सकते हैं अप्लाई
प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम के तहत आवेदन करने की प्रक्रिया ऑनलाइन मोड में उपलब्ध है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट pminternship.mca.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के माध्यम से युवाओं को देश की नामी कंपनियों में इंटर्नशिप करने का अवसर दिया जा रहा है।
Featured Internship का मिलेगा विकल्प
आवेदन करने के लिए सबसे पहले उम्मीदवारों को वेबसाइट के होमपेज पर जाना होगा, जहां उन्हें “Featured Internship” के विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद विभिन्न कंपनियों की सूची स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिनमें वर्तमान में इंटर्नशिप के लिए रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं।
View Details पर क्लिक करें
उम्मीदवार अपनी पसंद की कंपनी का चयन कर “View Details” पर क्लिक कर सकते हैं। इसके बाद संबंधित इंटर्नशिप के लिए “Apply Now” का विकल्प मिलेगा, जिस पर क्लिक कर आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
उम्मीदवारों को भरनी होगी जानकारी
नए उपयोगकर्ताओं को पहले मोबाइल नंबर के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करना होगा, जिसके बाद उन्हें लॉगिन आईडी और पासवर्ड प्राप्त होगा। इसके बाद लॉगिन करके उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण, आयु, पता, कैटेगरी और मार्क्स जैसी जानकारी भरनी होगी।
फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करना आवश्यक
इसके साथ ही फोटो और हस्ताक्षर भी अपलोड करना आवश्यक है। सभी जानकारी भरने के बाद फॉर्म को ध्यानपूर्वक जांचकर अंतिम रूप से सबमिट करना होगा। आवेदन सफल होने के बाद उम्मीदवार संबंधित कंपनियों में इंटर्नशिप के लिए चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें- ईशान किशन का पंजाब किंग्स की फील्डिंग पर तंज, GF अदिति हुंडिया का मजेदार रिएक्शन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









