UP Weather : मौसम विभाग ने 7 मई को भी लखनऊ समेत करीब 40 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. साथ ही इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में आज बारिश होने की संभावना हैं, हालांकि अब इसका असर धीरे-धीरे कम हो रहा है. मथुरा, आगरा से लेकर लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर तक कई जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है. कुछ जगहों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
लखनऊ में हल्के बादल और धूप की आवाजाही
राजधानी लखनऊ में सुबह से हल्के बादलों और धूप की स्थिति बनी रह सकती है. कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने के भी आसार हैं. दोपहर बाद मौसम साफ होने और धूप निकलने की संभावना है, जो शाम तक बनी रह सकती है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सुबह से मौसम साफ है और दिन बढ़ने के साथ धूप तेज होगी. इन इलाकों में बारिश की कोई संभावना फिलहाल नहीं बताई गई है.
पश्चिमी और मध्य यूपी में बारिश-आंधी
राज्य के कई जिलों जैसे सीतापुर, शाहजहांपुर, हरदोई, बहराइच, बाराबंकी, आगरा, फिरोजाबाद, बरेली, मुरादाबाद, झांसी, लखीमपुर खीरी समेत अन्य स्थानों पर आंधी के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश के बलरामपुर, गोरखपुर, अयोध्या, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र जैसे जिलों में बिजली चमकने के साथ बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
8 मई से मौसम में बदलाव के संकेत
8 मई से मौसम में बदलाव के संकेत हैं और धीरे-धीरे प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क होने लगेगा. इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी और आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री तक वृद्धि होने की संभावना जताई गई है. बारिश का दौर खत्म होने के बाद गर्मी का असर फिर से तेज हो सकता है.
ये भी पढ़ें- कैथल में 17 वर्षीय लड़की का रास्ता रोककर छेड़खानी, मां की शिकायत पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









