
SRFTI Students Protest : पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) में शनिवार सुबह एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। छात्रों का आरोप है कि तड़के करीब छह बजे 300 से अधिक पुलिसकर्मी कैंपस में दाखिल हुए। इनमें कई पुलिसकर्मियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। पुलिस ने परिसर में लगाए गए छात्रों के धरना मंच को हटाने के साथ वहां रखा फर्नीचर और अन्य सामान भी जब्त कर लिया।
पुलिस ने धरना मंच हटाया, दो पिकअप वैन में ले गई सामान
छात्रों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने धरना स्थल पर बने मंच को तोड़कर हटा दिया। वहां मौजूद फर्नीचर और अन्य सामान दो छोटे पिकअप वैन में लादकर कैंपस से बाहर ले जाया गया। छात्रों का दावा है कि हटाया गया पूरा सामान संस्थान की संपत्ति था।
इस कार्रवाई का विरोध कर रहे छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की हुई। छात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए कई विद्यार्थियों को घसीटकर वहां से हटाया।
छात्राओं से बदसलूकी और मोबाइल छीनने की कोशिश का आरोप
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने छात्राओं के साथ भी बदसलूकी और खींचतान की। इतना ही नहीं, घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर रहे छात्रों के मोबाइल फोन छीनने की भी कोशिश की गई।
एक छात्र ने दावा किया कि पुलिस ने बिना किसी उकसावे के यह कार्रवाई की। उसके मुताबिक, सुबह करीब साढ़े सात बजे तक पूरे कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात रहा। छात्रों को हॉस्टल से मुख्य गेट की ओर जाने और परिसर से बाहर निकलने से रोका गया। इससे विद्यार्थियों के बीच आपसी संपर्क भी प्रभावित हुआ।
प्रशासन ने अवैध धरने को हटाने की बताई वजह
वहीं, पूरे मामले पर SRFTI प्रशासन ने बयान जारी कर अपनी कार्रवाई का बचाव किया है। प्रशासन के अनुसार, छात्रों का एक वर्ग एक महीने से अधिक समय से कैंपस के भीतर अवैध रूप से धरना दे रहा था। अदालत के हस्तक्षेप और कोलकाता पुलिस की मदद से इस अवैध ढांचे को हटाया गया है।
प्रशासन ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध की आड़ में परिसर में आग जलाने, तेज आवाज में गाने बजाने, देर रात तक पार्टी करने और बाहरी लोगों को अवैध रूप से बुलाकर शिक्षकों व कर्मचारियों को डराने जैसी गतिविधियां की जा रही थीं। इसके अलावा शराब और नशीले पदार्थों के सेवन का भी आरोप लगाया गया है।
27 सितंबर से जारी है विवाद, 11 दिसंबर तक बंद हैं कक्षाएं
गौरतलब है कि SRFTI में 27 सितंबर से छात्रों और प्रशासन के बीच गतिरोध बना हुआ है। इस विवाद के चलते संस्थान प्रशासन ने पहले ही विशेष नोटिस जारी कर 11 दिसंबर तक पठन-पाठन बंद रखने का फैसला किया था।
शनिवार को पुलिस की कार्रवाई के बाद कैंपस में तनाव और बढ़ गया है। फिलहाल छात्रों और प्रशासन की ओर से सामने आए आरोपों के बीच पूरे घटनाक्रम को लेकर विवाद जारी है।
ये भी पढ़ें – किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध मान सरकार, देश में सबसे ज्यादा 431 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का भाव: खुड्डियां
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









