Rajasthan News : धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र के गढ़ाइच गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। पार्वती नदी में नहाने गए 8 बच्चों में से 3 की डूबने से मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों की सतर्कता से 5 बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में उतरे ये बच्चे अचानक गहरे पानी में फंस गए।
गहरे पानी की चपेट में आए बच्चे
जानकारी के अनुसार, रविवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण सोनम, निशु और भूरा अपने अन्य साथियों के साथ नदी में नहाने पहुंचे थे। खेल-खेल में शुरू हुआ यह सफर कुछ ही मिनटों में हादसे में बदल गया, जब बच्चे गहरे पानी की चपेट में आ गए।
5 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला
उसी दौरान गांव के सौरभ पुत्र रघुवीर पास में भैंसें चरा रहा था। उसने बच्चों को डूबते देखा तो तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी और पुलिस को भी जानकारी दी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर 5 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सोनम, निशु और भूरा को मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा मातम
मृतकों की पहचान सोनम (11), निशु (14) और भूरा (12) के रूप में हुई है। तीनों बच्चे स्थानीय राजकीय स्कूल में पढ़ते थे और छुट्टी के दिन दोस्तों के साथ नदी में नहाने गए थे। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर घर में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में 11 मई से शुरू हो सकती हैं गर्मी की छुट्टियां, 50 दिन बंद रहेंगे स्कूल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








