Railway Station Accident : जैसलमेर जिले के सोनू रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। स्टेशन मास्टर के कार्यालय की छत का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर ड्यूटी पर मौजूद स्टेशन मास्टर मनीष कुमार सोमनानी घायल हो गए। घटना के बाद रेलवे विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इलाज के लिए कराया गया भर्ती
घायल अधिकारी को तुरंत रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जैसलमेर स्थित जवाहिर अस्पताल रेफर किया गया। करीब छह साल पहले बने इस भवन की जर्जर हालत ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
अचानक गिरा छत का हिस्सा मास्टर घायल
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 4 बजे हुई जब स्टेशन मास्टर अपने कार्यालय में रोजमर्रा का काम कर रहे थे। इसी दौरान छत का भारी प्लास्टर अचानक नीचे गिर गया और उनके पैरों पर जा लगा। गनीमत रही कि उस समय वह झुके नहीं थे, अन्यथा चोट और भी गंभीर हो सकती थी।
2020 में बनी थी बिल्डिंग
मलबे की चपेट में आने से उनके पैरों में गहरी चोट आई और खून बहने लगा। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें संभाला और अस्पताल पहुंचाया। हैरानी की बात यह है कि सोनू स्टेशन की बिल्डिंग साल 2020 में ही बनी थी, लेकिन कुछ ही वर्षों में उसकी हालत खराब हो गई। स्थानीय स्तर पर इसे निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का परिणाम माना जा रहा है।
अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल कर्मचारी को तुरंत इलाज उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि स्टेशन मास्टर की स्थिति फिलहाल स्थिर है और नजर रखी जा रही है।
मामले की गहनता से होगी जांच
रेलवे ने पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी है और इंजीनियरिंग विभाग को स्टेशन के अन्य भवनों की भी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें- IPL में आज पंजाब बनाम दिल्ली, पिछली हार का हिसाब चुकता करने उतरेगी कैपिटल्स
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









