UP Politics : लखनऊ में शनिवार (9 मई) को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में महाराणा प्रताप की जयंती मनाई गई. इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी.
अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि यदि उनकी सरकार बनती है तो महाराणा प्रताप की जयंती पर दो दिन का अवकाश दिया जाएगा, उन्होंने इस मौके पर बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए उसे “दरार पैदा करने वाली राजनीति करने वाली” पार्टी बताया और कहा कि वह समाज में टकराव की स्थिति पैदा करती है.
बैलेट पेपर और ईवीएम पर पुरानी मांग दोहराई
उन्होंने आगे कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए “मल्टी लेयर इलेक्शन सिस्टम” जैसी चुनौतियों से मुकाबला जरूरी है. अखिलेश यादव ने बैलेट पेपर से मतदान की पुरानी मांग को दोहराते हुए ईवीएम पर भी सवाल उठाए, उन्होंने कहा कि कई देशों में बैलेट से मतदान की व्यवस्था है और भारत को भी इस दिशा में सोचने की जरूरत है.
NCRB आंकड़ों से कानून-व्यवस्था पर सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों का हवाला देते हुए उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई. उनका कहना था कि प्रदेश में महिलाएं और बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
कार्यक्रम के अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि भविष्य में सपा की सरकार बनने पर महाराणा प्रताप की जयंती को दो दिन के अवकाश के रूप में मनाया जाएगा और लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसमें चेतक और सोने का भाला भी शामिल होगा.
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज से जुड़े लोग और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे. पार्टी मुख्यालय में राज्य भर से कार्यकर्ताओं की उपस्थिति देखी गई.
ये भी पढ़ें- फ्रेशर्स के लिए सुनहरा मौका, पीएम इंटर्नशिप स्कीम से शुरू करें करियर,हर महीने मिलेंगे 9 हजार रुपए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









