IPLखेल

IPL में आज पंजाब बनाम दिल्ली, पिछली हार का हिसाब चुकता करने उतरेगी कैपिटल्स

IPL 2026 : IPL 2026 का 55वां मुकाबला सोमवार को पंजाब किंग्स (PBKS) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। यह मैच हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम, धर्मशाला में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। पिछली भिड़ंत में दिल्ली को पंजाब के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी, ऐसे में इस बार कैपिटल्स के पास हिसाब बराबर करने का मौका रहेगा।

दिल्ली कैपिटल्स की स्थिति बेहतर नहीं

टूर्नामेंट की शुरुआत में मजबूत प्रदर्शन करने वाली पंजाब किंग्स अब लगातार तीन हार के बाद दबाव में है। टीम के सामने वापसी की बड़ी चुनौती है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की स्थिति भी बेहतर नहीं है, क्योंकि वह पिछले छह में से पांच मुकाबले हार चुकी है और अंक तालिका में आठवें स्थान पर संघर्ष कर रही है।

पंजाब ने 18 और दिल्ली ने 16 मैच जीते

दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें पंजाब ने 18 और दिल्ली ने 16 मैच जीते हैं, जबकि एक मैच टाई रहा जिसे पंजाब ने अपने नाम किया था। पिछले सीजन में भी पंजाब ने दिल्ली को हराया था।

अर्शदीप सिंह 11 विकेट लेकर सफल गेंदबाज

पंजाब की सबसे बड़ी समस्या इस समय खराब फील्डिंग और डेथ ओवर्स में रन लुटाना है। इसके अलावा प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह जैसे बल्लेबाज भी हाल के मैचों में रन बनाने में नाकाम रहे हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम से पुरानी लय में लौटने की अपील की है। टीम के लिए कूपर कोनोली अब तक 377 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर हैं, जबकि अर्शदीप सिंह 11 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज हैं, हालांकि उनका इकॉनमी रेट चिंता का विषय बना हुआ है।

अक्षर पटेल ने लिए 10 विकेट

दिल्ली कैपिटल्स की ओर से केएल राहुल 468 रन के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, जबकि कप्तान अक्षर पटेल 10 विकेट के साथ प्रमुख गेंदबाज हैं। हालांकि टीम के बल्लेबाज धीमी और स्पिन पिचों पर लगातार संघर्ष कर रहे हैं, और कुलदीप यादव की फॉर्म भी चिंता बढ़ा रही है।

तापमान 14 डिग्री रहने का अनुमान

धर्मशाला का HPCA स्टेडियम तेज आउटफील्ड और उछाल भरी पिच के लिए जाना जाता है। यहां अब तक खेले गए 14 IPL मैचों में 9 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और 5 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है। मौसम की बात करें तो हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन मैच पर बड़ा असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। शाम के समय तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दोनों टीमों के प्रमुख संभावित खिलाड़ी

दिल्ली कैपिटल्स- पाथुम निसांका, केएल राहुल, नीतीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी और मुकेश कुमार।

पंजाब किंग्स- प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोयनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, शशांक सिंह, मार्को यानसन, हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल और विजयकुमार वैशाख।

ये भी पढ़ें- हिमाचल में दर्दनाक हादसा, 6 पर्यटकों की मौत, 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button