Viral News : तमिलनाडु में विजय के नेतृत्व वाली सरकार के गठन के साथ नया राजनीतिक दौर शुरू हो गया है. सी. जोसेफ विजय, जिन्हें थलापति विजय के नाम से भी जाना जाता है, ने रविवार 10 मई को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली. इस कार्यक्रम में राजनीति और फिल्म जगत से कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं. समारोह के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
इन्हीं में से एक वीडियो को लेकर खास चर्चा हो रही है, जिसमें विजय का बेहद सरल और विनम्र अंदाज देखने को मिला. वीडियो में शपथ ग्रहण के बाद वे अपने स्टाफ के साथ मंच पर रखी टेबल हटाने में मदद करते नजर आते हैं. दरअसल, कार्यक्रम के बाद राज्यपाल के साथ सामूहिक फोटो के लिए मंच को खाली कराया जा रहा था, जिसके चलते टेबलें हटाई जा रही थीं. इसी दौरान जब कर्मचारी काम में जुटे थे, तो विजय ने भी आगे बढ़कर उनका साथ दिया और खुद टेबल हटाने में हाथ बंटाया.

सादगी को बताया असली पहचान
बता दें कि मंच पर उस समय राहुल गांधी भी मौजूद थे, जो विजय की इस सादगी को देखकर पहले हैरान हुए और फिर मुस्कुराते नजर आए. मुख्यमंत्री बनने के बाद भी उनके इस व्यवहार ने लोगों का ध्यान खींचा और सोशल मीडिया पर उनकी जमकर सराहना हुई. वहीं, कई यूजर्स ने उन्हें “जन नेता” बताते हुए लिखा कि बिना किसी दिखावे के उनका यह अंदाज एक सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान है.
पहली बार में 108 सीटों पर कब्जा
उधर, 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर भी इस परिणाम को ऐतिहासिक बताया जा रहा है, जहां टीवीके ने पहली ही बार में 108 सीटों पर जीत हासिल कर बड़ा बदलाव दर्ज किया. इस जीत के साथ राज्य की राजनीति में लंबे समय से चले आ रहे डीएमके और एआईएडीएमके के प्रभुत्व को चुनौती मिली है. विजय के इस उभार की तुलना अक्सर एम.जी. रामचंद्रन के राजनीतिक सफर से भी की जा रही है. समारोह में फिल्म जगत से भी कई लोग शामिल हुए, जबकि कई हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें शुभकामनाएं दीं.
ये भी पढ़ें- परमाणु नीति पर बढ़ा तनाव, अमेरिका-ईरान आमने-सामने, NPT पद को लेकर विवाद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









