Haryanaराज्य

सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण के 75 साल पूरे, कुरुक्षेत्र कार्यक्रम में शामिल हुए CM नायब सैनी

Haryana News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रदेशों से जुड़े. कुरुक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन हम सबके लिए गर्व का दिन है, क्योंकि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पर्व 11 जनवरी से शुरू हुआ है और 11 जनवरी 2027 तक चलेगा, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ मंदिर से जुड़कर देशवासियों को इतिहास से अवगत करवाएंगे, उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक पर्व में शामिल होना हम सबके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं.

भारत जुड़ रहा है अपनी सांस्कृतिक जड़ों से

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न प्रदेशों से भक्तों की यात्राएं सोमनाथ मंदिर पहुंच रही हैं. हरियाणा से श्रद्धालुओं की विशेष ट्रेन आगामी 8 जून को सोमनाथ के लिए रवाना होगी. आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा करवाने के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना चलाई जा रही है.

उन्होंने कहा कि इस पर्व को जन-जन का उत्सव बनाने के लिए प्रधानमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. आज विभिन्न योजनाओं के माध्यम से भारत अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर का इतिहास भारत की धैर्य गाथा का इतिहास रहा है. इतिहास गवाह है कि जब-जब सोमनाथ मंदिर पर प्रहार हुआ, तब पूरे देश की आत्मा आहत हुई, लेकिन हर बार राष्ट्र ने सिद्ध किया कि हमारी आस्था को तलवारें नहीं मिटा सकतीं.

डॉ राजेंद्र प्रसाद ने किया सोमनाथ उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था और वर्ष 1951 में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद ने सोमनाथ मंदिर का उद्घाटन किया था, उन्होंने कहा कि यह केवल अतीत का स्मरण नहीं बल्कि भविष्य के भारत का एक संकल्प है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भी तीर्थों के जीर्णोद्धार के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं. स्वदेश दर्शन योजना के तहत कुरुक्षेत्र को वर्ष 2015 में श्री कृष्णा सर्किट में शामिल किया गया, उन्होंने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य हम सभी को करना है.

ये भी पढ़ें- परमाणु नीति पर बढ़ा तनाव, अमेरिका-ईरान आमने-सामने, NPT पद को लेकर विवाद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button