लाइफ़स्टाइलस्वास्थ्य

हाई ब्लड प्रेशर से धमनियां होती हैं प्रभावित, हार्ट अटैक का बढ़ता है खतरा

High Blood Pressure : हाई ब्लड प्रेशर को अक्सर “साइलेंट किलर” कहा जाता है क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण कई बार स्पष्ट रूप से सामने नहीं आते, लेकिन यह धीरे-धीरे शरीर की रक्त वाहिकाओं और दिल पर गंभीर असर डालता रहता है। नई दिल्ली स्थित पीएसआरआई हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रवि प्रकाश के अनुसार, लगातार हाई ब्लड प्रेशर हार्ट अटैक का बड़ा कारण बन सकता है।

नहीं पहुंच पाती पर्याप्त ऑक्सीजन

डॉक्टरों के मुताबिक, जब ब्लड प्रेशर लंबे समय तक बढ़ा रहता है तो यह धमनियों को नुकसान पहुंचाता है। इससे धमनियों की दीवारों पर फैट और कोलेस्ट्रॉल जमा होने लगता है, जिसे एथेरोस्क्लेरोसिस कहा जाता है। समय के साथ ये धमनियां संकरी हो जाती हैं और दिल तक पर्याप्त रक्त व ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती, जिससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है।

नजरअंदाज करना हो सकता है खतरनाक

इसके शुरुआती संकेतों में सीने में दबाव या दर्द, सांस लेने में कठिनाई, अचानक कमजोरी, तेज धड़कन, चक्कर आना, अत्यधिक थकान और पसीना आना शामिल हो सकते हैं। कई मामलों में दर्द सीने से आगे बढ़कर जबड़े, कंधे, पीठ या बाएं हाथ तक भी फैल सकता है, जिसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

घबराहट या असामान्य थकान

महिलाओं और बुजुर्गों में लक्षण अक्सर अलग तरीके से दिखाई देते हैं। उनमें सीने के तेज दर्द की बजाय मतली, अपच जैसा एहसास, सांस फूलना, घबराहट या असामान्य थकान जैसे संकेत अधिक देखने को मिलते हैं।

हार्ट अटैक का बढ़ जाता है जोखिम

विशेषज्ञों का कहना है कि जिन लोगों का ब्लड प्रेशर लंबे समय से अनियंत्रित है और साथ में डायबिटीज, मोटापा, धूम्रपान, तनाव या खराब जीवनशैली जैसी समस्याएं भी हैं, उनमें हार्ट अटैक का जोखिम काफी बढ़ जाता है। ऐसे में नियमित जांच, संतुलित आहार, कम नमक का सेवन, व्यायाम और तनाव नियंत्रण बेहद जरूरी है।

यदि कभी अचानक सीने में दबाव, सांस लेने में परेशानी या असामान्य कमजोरी महसूस हो तो इसे हल्के में न लें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें, क्योंकि समय पर इलाज जीवन बचा सकता है।

डिस्क्लेमर- इस लेख में दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचना के लिए है। किसी भी फिटनेस, डाइट या इलाज से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें। हिन्दी ख़बर इन दावों की पुष्टि नहीं करता।

ये भी पढ़ें- PM Modi Norway Tour : PM मोदी का ओस्लो में भव्य स्वागत, नॉर्वे PM ने किया स्वागत, किंग-क्वीन से करेंगे मुलाकात

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button