
NEET-UG 2026 Paper Leak : नीट पेपर लीक मामले की जांच अब और गहराती जा रही है। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने इस मामले में अब छात्रों के अभिभावकों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। एजेंसी को शक है कि कुछ परिवारों ने भारी रकम देकर परीक्षा से पहले लीक हुआ प्रश्न पत्र हासिल किया था।
जानकारी के मुताबिक, CBI की आठ सदस्यीय टीम ने महाराष्ट्र के नांदेड़ और लातूर समेत कई स्थानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान ऐसे परिवारों को निशाने पर लिया गया, जिनकी बेटियों ने हाल ही में NEET-UG परीक्षा दी थी। एजेंसी का दावा है कि अभिभावकों ने बिचौलियों के जरिए 5 से 10 लाख रुपये तक देकर पेपर खरीदा था।
8 घंटे तक चली पूछताछ
नांदेड़ के विद्युत नगर इलाके में एक छात्रा के घर पर CBI ने लंबी पूछताछ की। अधिकारियों के अनुसार, छात्रा के पिता से करीब आठ घंटे तक सवाल-जवाब किए गए। जांच के दौरान मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कॉल रिकॉर्ड और मैसेज की भी जांच की गई।
CBI को शक है कि छात्रा के पिता, जो पेशे से व्यवसायी हैं, ने लीक पेपर के लिए करीब 10 लाख रुपये खर्च किए। इसमें कुछ रकम एक बिचौलिए को और बाकी दूसरे व्यक्ति को दी गई थी।
कोचिंग संस्थानों की भूमिका भी जांच के घेरे में
जांच एजेंसियां अब निजी कोचिंग संस्थानों की भूमिका भी खंगाल रही हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित छात्रा परीक्षा से पहले पुणे के एक कोचिंग संस्थान में रुकी थी। वहीं, नांदेड़ के एक कोचिंग सेंटर ने परीक्षा परिणाम आने से पहले ही टॉपर्स के पोस्टर लगाकर शक पैदा कर दिया।
संगठित नेटवर्क का शक
जांचकर्ताओं को अंदेशा है कि यह पूरा खेल एक बड़े नेटवर्क के जरिए चलाया जा रहा था, जिसमें पेपर लीक करने वाले, सॉल्वर गैंग, बिचौलिए और कुछ अभिभावक तक शामिल हो सकते हैं। एजेंसी अब पैसों के लेनदेन और उन लोगों की पहचान में जुटी है जिन्होंने जानबूझकर लीक हुए पेपर का फायदा उठाया।
CBI पहले ही इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी छापेमारी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
ये भी पढ़ें – केरल में अब वीडी सतीशन का चलेगा राज, शपथ लेकर सीएम पद की कुर्सी पर हुए काबिज
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









