राष्ट्रीय

78 दिनों में 51% महंगा हुआ कच्चा तेल, जानें आपके शहर में फ्यूल के दाम

Crude Oil Price Rise : ईरान युद्ध शुरू होने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में करीब 51 फीसदी की तेजी देखी गई है, जिसके चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना हुआ है. इसका सीधा असर भारत पर भी पड़ रहा है, जहां एक तरफ तेल की कीमतें ऊंची हैं और दूसरी तरफ डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होता जा रहा है. इस दोहरे दबाव से देश की अर्थव्यवस्था और वित्तीय स्थिति पर असर दिख रहा है. इसी वजह से हाल ही में पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी भी की गई थी. हालांकि, जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में ईंधन की कीमतें और बढ़ सकती हैं.

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) के आंकड़ों के मुताबिक, देश के प्रमुख महानगरों में फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई नया बदलाव नहीं हुआ है. दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है. वहीं कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपये और डीजल 95.13 रुपये प्रति लीटर है. मुंबई में पेट्रोल 106.68 रुपये और डीजल 93.14 रुपये प्रति लीटर जबकि चेन्नई में पेट्रोल 103.67 रुपये और डीजल 95.25 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है.

कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल

आंकड़ों के अनुसार, 27 फरवरी के बाद से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है. ब्रेंट क्रूड 72.48 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 109.26 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है, जो लगभग 51 फीसदी की बढ़ोतरी को दर्शाता है. वहीं अमेरिकी क्रूड WTI भी 67.02 डॉलर से बढ़कर 105.42 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच चुका है, जिसमें 57 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई है.

रुपये में डॉलर के मुकाबले गिरावट

इसी अवधि में रुपये में भी डॉलर के मुकाबले गिरावट देखने को मिली है. 27 फरवरी को रुपया 91.08 के स्तर पर था, जबकि अब इसमें 5 फीसदी से अधिक की कमजोरी आ चुकी है. 15 मई को रुपया 95.81 के स्तर पर बंद हुआ था और हाल के कारोबारी सत्रों में भी इसमें गिरावट बनी रही.

ये भी पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर में फिर तेज लू का अलर्ट, 43°C तक पहुंच सकता है तापमान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button