Bihar

बिहार में ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियर के घर EOU की रेड, 40 लाख कैश और गहने बरामद

Bihar Corruption Case : बिहार में ग्रामीण कार्य विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गोपाल कुमार के घर शनिवार को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने छापेमारी की। पटना और जमुई में कुल 4 स्थानों पर यह कार्रवाई जारी रही।

पटना की मजिस्ट्रेट कॉलोनी के जगत विला अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर F-2 से टीम को 40 लाख रुपये कैश मिले, जो डिजिटल लॉकर में रखे गए थे। इसके अलावा लाखों रुपये के गहने और चांदी के बर्तन भी बरामद किए गए। बरामद सामान के मूल्यांकन के लिए एक्सपर्ट को बुलाया गया है।

मशीन से नोटों की गिनती

टीम को कई बैंकों की पासबुक और जमीन से जुड़े कागजात भी मिले। जमुई के किराए के घर में भी 8.39 लाख रुपये कैश बरामद किए गए। नोटों की गिनती मशीन की मदद से की जा रही है। गोपाल कुमार झाझा में ग्रामीण कार्य विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर हैं। EOU ने उन पर आय से अधिक संपत्ति रखने का केस दर्ज किया था और वारंट के बाद कार्रवाई की गई।

पटना में रेड जगत विला अपार्टमेंट के फ्लैट, कंकड़बाग के पूर्वी इंदिरा नगर रोड नंबर-4 और जमुई के केकेएम कॉलेज के पास किराए के घर में की गई। झाझा कार्यालय में भी साढ़े 7 घंटे तक जांच चली।

फ्लैट की खरीद कीमत लगभग डेढ़ करोड़

गोपाल कुमार ने जमुई में छापेमारी के समय पहले विरोध किया, लेकिन वारंट दिखाए जाने के बाद सहयोग किया। जानकारी के अनुसार, उनके पटना स्थित फ्लैट की खरीद कीमत लगभग डेढ़ करोड़ थी और इसमें डिजिटल लॉकर में रखी गई बड़ी राशि और जेवरात बरामद हुए।

मामले की गहनता से जांच जारी

कंकड़बाग में गोपाल कुमार का अपना घर भी टीम ने छानबीन के लिए देखा। इस कार्रवाई में 15 लोगों की टीम शामिल थी, और पुलिस भी मौजूद रही। अभी तक इस जगह से कुछ विशेष बरामद नहीं हुआ है, लेकिन जांच जारी है।

जमुई में किराए के मकान से बरामद कैश के अलावा गहने भी मिले हैं। टीम ने ऑफिस के चैंबर और स्टाफ से पूछताछ की। EOU अधिकारी ने बताया कि बाकी विवरण बाद में साझा किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें- आर्मी चीफ उपेंद्र द्विवेदी की पाकिस्तान को चेतावनी, भारत नरमी नहीं दिखाएगा, कहा- भूगोल-इतिहास का हिस्सा रहना है या नहीं

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button