Bihar Crime : बिहार के मधुबनी जिले में उस समय माहौल गमगीन हो गया, जब सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की जानकारी उनके पैतृक घर पहुंची. बताया गया कि नगर परिषद कार्यालय में घुसकर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें ईओ कृष्ण भूषण की मौके पर ही मौत हो गई. जैसे ही यह खबर मधुबनी के गदियानी मोहल्ले में स्थित उनके घर पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. परिवार ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.
इधर, घटना के बाद सुल्तानगंज में हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान मुख्य आरोपी रामधनी यादव की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं.
ड्राइवर के जरिए परिजनों तक पहुंची सूचना
जानकारी के अनुसार, सुल्तानगंज नगर परिषद में हुए इस हिंसक घटनाक्रम में अपराधियों ने कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण की हत्या कर दी थी. उनका पैतृक आवास मधुबनी मुख्यालय के कसेरा पोखर स्थित गदियानी मोहल्ला, वार्ड संख्या 12 में है. घटना की सूचना ईओ के ड्राइवर के माध्यम से परिजनों को करीब शाम 7:05 बजे मिली, जिसके बाद पूरे मोहल्ले में मातम छा गया.
मुठभेड़ में मुख्य आरोपी ढेर
बाद में पुलिस कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ से जुड़ा नया अपडेट सामने आया. पुलिस के अनुसार, CCTV फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी रामधनी यादव की पहचान की गई थी, जो डिप्टी चेयरमैन का पति बताया जाता है. उसे हथियार बरामद करने के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने कथित तौर पर कुछ अन्य अपराधियों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें रामधनी यादव घायल हो गया. वहीं इस दौरान डीएसपी नवीन, इंस्पेक्टर परमेश्वर और इंस्पेक्टर मृत्यंजय भी घायल हो गए. सभी घायलों को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने रामधनी यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है.
ये भी पढ़ें- Vivo का नया 5G फोन Vivo X300 FE, लॉन्च से पहले सामने आए बड़े फीचर्स
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









