Other Statesराज्य

कलमा पढ़ने से किया इनकार तो जुबैर अंसारी ने हिन्दू गार्ड्स पर किया चाकू से हमला

Religious Attack Mumbai : महाराष्ट्र में मुंबई के नजदीक स्थित मीरा रोड इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक निर्माणाधीन इमारत में तैनात दो सुरक्षा कर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी ने दोनों से उनकी धार्मिक पहचान पूछी और कलमा पढ़ने को कहा. ऐसा न कर पाने पर उसने उन पर हमला कर दिया.

यह घटना नया नगर क्षेत्र में, वॉकहार्ट अस्पताल के पीछे स्थित एक निर्माण स्थल पर हुई. हमलावर की पहचान 31 वर्षीय जैब जुबैर अंसारी के रूप में हुई है, जो उसी इलाके का निवासी बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि उसने पहले एक गार्ड राजकुमार मिश्रा से बातचीत के दौरान विवाद शुरू किया, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया. इसी दौरान उसने चाकू निकालकर मिश्रा पर हमला कर दिया. पास खड़े दूसरे गार्ड सुब्रतो रमेश सेन को भी उसने नहीं बख्शा.

डेढ़ घंटे में आरोपी गिरफ्तार

दोनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. राजकुमार मिश्रा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जबकि दूसरे गार्ड की हालत स्थिर बताई जा रही है.

पुलिस ने मौके के सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर ली और घटना के करीब डेढ़ घंटे के भीतर ही उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी मूल रूप से कुर्ला का रहने वाला है और कुछ समय अमेरिका में रहने के बाद भारत लौटा था.

मोबाइल से मिले संदिग्ध सबूतों की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है. साथ ही धार्मिक पहलू सामने आने के कारण महाराष्ट्र एटीएस ने भी जांच अपने हाथ में ले ली है. आरोपी के मोबाइल फोन से कुछ संदिग्ध वीडियो और दस्तावेज मिले हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है.

फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी ने यह हमला अकेले किया या इसके पीछे किसी तरह का कट्टरपंथी प्रभाव या नेटवर्क काम कर रहा है. इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले पर कड़ी नजर बनाए हुए है.

ये भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय सेना की बढ़ी ताकत, 50 नई यूनिट्स और हाईटेक हथियारों से लैस

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button