Other States

अजित पवार की मौत की जांच पर संजय राउत का बड़ा बयान, बोले- परिवार भी गंभीर नहीं, शरद पवार पर भी साधा निशाना

Sanjay Raut : शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र की राजनीति से जुड़े कई मुद्दों पर बयान देकर नई बहस छेड़ दी है, उन्होंने अजित पवार की मौत की जांच को लेकर मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री पर सवाल उठाए हैं. राउत का आरोप है कि इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, उन्होंने शिंदे गुट के नेता रामदास कदम के बयान का जिक्र करते हुए उनकी जांच कराने की मांग भी की है.

संजय राउत ने कहा कि अजित पवार की मौत के पहले दिन से ही इस मामले पर राजनीति हो रही है. उनके मुताबिक, न मुख्यमंत्री इस जांच को लेकर गंभीर हैं और न ही देश के गृह मंत्री. उन्होंने यह भी कहा कि अजित पवार का परिवार भी इस मामले को गंभीरता से लेता दिखाई नहीं दे रहा है.

राउत ने रामदास कदम के उस बयान पर भी सवाल उठाए, जिसमें कथित तौर पर अजित पवार की हत्या में उनके ही लोगों की भूमिका होने की बात कही गई थी, उन्होंने कहा कि अगर रामदास कदम के पास इस संबंध में कोई जानकारी या सबूत हैं, तो सबसे पहले उनकी जांच होनी चाहिए. राउत ने राज्य के गृह मंत्रालय से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की.

महाराष्ट्र में मर्जर की चर्चा पर भी निशाना

संजय राउत ने महाराष्ट्र की राजनीति में चल रही मर्जर की चर्चाओं को भी खारिज किया, उन्होंने साफ कहा कि कोई विलय नहीं होने वाला है और इस मुद्दे को जरूरत से ज्यादा तूल दिया जा रहा है.

उन्होंने शरद पवार पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वह भी इस राजनीतिक चर्चा का हिस्सा हैं और इस पूरे घटनाक्रम का आनंद ले रहे हैं. राउत ने कहा कि राज्य और देश के सामने सूखा, पीने के पानी की कमी और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दे हैं, लेकिन इन पर चर्चा करने के बजाय मर्जर की बातों को प्राथमिकता दी जा रही है.

राहुल गांधी की चुनौती पर क्या बोले राउत?

संजय राउत ने कहा, “राहुल गांधी ने क्या कहा? उन्होंने फिर से कहा कि उन्हें ‘दिमागी नक्सल’ कहा गया है, इसलिए इस मुद्दे पर खुली बहस होनी चाहिए. बिल्कुल होनी चाहिए. अगर ऐसा कहा जा रहा है तो बहस की चुनौती स्वीकार कीजिए. राहुल गांधी ने दिमागी नक्सल के मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी है. प्रधानमंत्री अगर वहां जाकर भाषण दे सकते हैं, तो उन्हें बहस के लिए भी तैयार रहना चाहिए.”

बता दें कि इससे पहले खबर सामने आई थी कि संजय राउत मुश्किल में हैं और उन्हें सुप्रीम कोर्ट में हाजिर होने का आदेश मिला है. मामला CJI और न्यायपालिका पर टिप्पणियों से जुड़ा था.

ये भी पढ़ें- दिवाली की रात दिल्ली-MP में आग का कहर, 23 लोगों की गई जान, महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 6 की मौत, कई घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button