Other States

मुंबई के राम मंदिर में हंगामा, बजरंगबली की तस्वीर वाला बोर्ड फाड़ा, 2 आरोपी गिरफ्तार

Mumbai Ram Mandir : मुंबई के अंधेरी पूर्व स्थित मरोल नाका के राम मंदिर में तोड़फोड़ और सुरक्षाकर्मी को धमकाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि मंदिर में पहुंचे कुछ लोगों ने बजरंगबली की तस्वीर वाले बोर्ड को फाड़ दिया और मंदिर की दीवारों पर काले रंग का स्प्रे कर दिया. इतना ही नहीं, मंदिर में तैनात सुरक्षाकर्मी के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई. मामले की शिकायत मिलने के बाद आरे पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों को तलोजा जेल भेज दिया गया है.

मंदिर के ट्रस्टी जयेश पटेल की शिकायत के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर 7 नवंबर को राम मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ और महाआरती आयोजित करने की अपील की थी. इसके बाद 7 नवंबर की शाम करीब 5 से 5:30 बजे के बीच मंदिर परिसर में 30 से 40 लोग जमा हुए.

मंदिर के बोर्ड पर काले रंग का स्प्रे

आरोप है कि इस दौरान पोस्ट डालने वाले व्यक्ति ने मंदिर के सुरक्षाकर्मी नंदलाल केवट से गाली-गलौज की और सभी लाइटें जलाने को कहा. विरोध करने पर उसने सुरक्षाकर्मी का कॉलर पकड़ लिया और जान से मारने की धमकी दी. शिकायत में धमकी भरे शब्दों का भी जिक्र किया गया है.

हनुमान चालीसा पाठ और महाआरती के बाद मंदिर की दीवार पर लगे बोर्ड पर काले रंग का स्प्रे किया गया. इसके अलावा शेड पर लगे ‘श्री लेवा पाटीदार बजरंग सत्संग मंडल (मरोल)’ के बोर्ड को लोहे की सीढ़ी की मदद से फाड़ दिया गया. इस बोर्ड पर बजरंगबली की तस्वीर लगी हुई थी. शिकायतकर्ता ने पुलिस को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है.

जमीन कब्जाने के आरोपों की जांच की मांग

इस घटना के बाद अंधेरी के कुछ स्थानीय नागरिकों ने इलाके में अवैध निर्माण और जमीनों पर कब्जे को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि कुछ लोग अवैध झोपड़ियां बनाकर उन्हें बेच रहे हैं और इस काम को राजनीतिक संरक्षण मिलने की आशंका है. नागरिकों ने पुलिस से पूरे मामले की आर्थिक लेन-देन, जमीन कब्जाने और कथित राजनीतिक संरक्षण के पहलुओं से भी जांच करने की मांग की है.

ये भी पढ़ें- पंजाब की खनन आय में 7 गुना उछाल, 123.5 करोड़ से 799 करोड़ पहुंची आय, केंद्र के सामने बरिंदर गोयल ने उठाया मुद्दा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button