Road Accident : तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में रविवार की आधी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. आउटर रिंग रोड पर हिमायत सागर के पास मजदूरों से भरा एक मालवाहक ऑटो-रिक्शा आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए.
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना रविवार तड़के करीब 12:45 बजे राजेंद्रनगर पुलिस थाना क्षेत्र में आउटर रिंग रोड के माइलस्टोन 147+230 पर हुई. ऑटो में कुल 17 लोग सवार थे. सभी मजदूर पेशे से पेंटर थे और मुचिंतल स्थित एक इमारत में पेंटिंग का काम पूरा करने के बाद वापस लौट रहे थे.
10 घायलों की हालत बेहद नाजुक
इसी दौरान उनका ऑटो आगे चल रहे ट्रक से पीछे की ओर टकरा गया. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि ऑटो चालक को गाड़ी चलाते समय नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई.
हादसे के बाद घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया. इनमें से 10 लोगों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा. हालांकि, आउटर रिंग रोड पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसका पीछा किया. करीब 20 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद ट्रक को घेरकर रोक लिया गया. फिलहाल राजेंद्रनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- योगी सरकार में पारदर्शी भर्ती से मिली खाकी वर्दी, सीएम के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









