NEET UG Paper Leak : देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG एक बार फिर विवादों में घिर गई है. पेपर लीक के आरोपों और परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. इस मुद्दे पर अब मनोरंजन जगत की हस्तियां भी खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दे रही हैं. इसी कड़ी में मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर विशाल ददलानी ने शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाए हैं.
सोशल मीडिया पर किए गए अपने पोस्ट में विशाल ददलानी ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं, उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मतदान करते समय ऐसे प्रतिनिधियों को चुनना चाहिए जो शिक्षा और छात्रों के भविष्य को गंभीरता से लें. उनका मानना है कि मेहनत करने वाले लाखों छात्रों की उम्मीदें कुछ लोगों की गलत हरकतों की वजह से टूट जाती हैं.
सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस
विशाल ददलानी के बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई. बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं ने उनकी बात का समर्थन किया. कई यूजर्स ने कहा कि पहली बार किसी बड़े सेलिब्रिटी ने छात्रों की परेशानी को खुलकर उठाया है. वहीं कुछ लोगों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
परीक्षा में पूछे गए सवालों पर उठे सवाल
दरअसल, इस साल आयोजित NEET-UG परीक्षा के बाद विवाद तब शुरू हुआ जब कई छात्रों ने दावा किया कि परीक्षा में पूछे गए कुछ सवाल कथित तौर पर पहले से वायरल सामग्री से मेल खाते थे. इसके बाद जांच एजेंसियां हरकत में आईं और कई राज्यों में जांच शुरू की गई.
जांच के दौरान सामने आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि प्रश्नपत्र लीक करने के लिए मोटी रकम का लेनदेन हुआ था. मामले में कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी भी की गई. बढ़ते विरोध और विवाद के बीच परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया. अब दोबारा परीक्षा कराने की तैयारी चल रही है. NEET-UG विवाद ने एक बार फिर देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो मेहनती विद्यार्थियों का भरोसा व्यवस्था से उठ सकता है.
ये भी पढ़ें- नोएडा बनेगा हाईटेक सुरक्षा हब, सेफ सिटी प्रोजेक्ट को मिली हरी झंडी, 147 स्थानों पर इमरजेंसी पैनिक बटन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









