Rajasthanराज्य

27 साल बाद बन रहा खास संयोग, नौतपा में बढ़ेगी गर्मी, आंधी-बारिश के भी संकेत

Rajasthan Weather Update : इस साल 25 मई से शुरू होने वाला नौतपा कई मायनों में खास माना जा रहा है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, करीब 27 साल बाद ऐसा संयोग बन रहा है जब नौतपा के दौरान दो मंगलवार पड़ेंगे. इसे लेकर गर्मी, लू और मौसम में अचानक बदलाव की संभावना जताई जा रही है. वहीं, अच्छी बारिश और बेहतर फसल उत्पादन के भी संकेत बताए जा रहे हैं.

ज्योतिषाचार्य अमित जैन के मुताबिक, जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है तो तापमान तेजी से बढ़ने लगता है. रोहिणी नक्षत्र के स्वामी चंद्रमा माने जाते हैं, जो शीतलता के प्रतीक हैं, लेकिन सूर्य के प्रभाव से यह संतुलन कमजोर पड़ जाता है. इसी वजह से धरती पर सूर्य की किरणें अधिक तीव्रता से पड़ती हैं और गर्मी बढ़ जाती है.

बढ़ सकती है गर्मी और लू

उन्होंने बताया कि इस बार रोहिणी का निवास समुद्र में माना जा रहा है, जिसे अच्छी और समय पर बारिश का संकेत माना जाता है. इसका असर खेती-किसानी पर भी सकारात्मक रहने की संभावना है. किसानों को बेहतर उत्पादन मिलने के साथ कृषि क्षेत्र में नए अवसर भी मिल सकते हैं.

हालांकि नौतपा के दौरान दो मंगलवार पड़ने को लेकर ज्योतिषीय दृष्टि से सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. मान्यता है कि मंगल ग्रह अग्नि तत्व का प्रतिनिधित्व करता है, इसलिए इस अवधि में तेज गर्मी, लू, आग लगने की घटनाएं और प्राकृतिक असंतुलन बढ़ सकता है. इससे पहले ऐसा संयोग वर्ष 1999 में बना था.

नौतपा के बीच बदल सकता है मौसम

ज्योतिषीय गणना के अनुसार, नौतपा के दौरान मिथुन राशि में गुरु और शुक्र की युति रहेगी. इसके अलावा 29 मई को बुध भी मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे त्रिग्रही योग बनेगा. इस योग के प्रभाव से भीषण गर्मी के बीच तेज हवाएं, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश होने के संकेत हैं. माना जा रहा है कि इससे नौतपा का असर कुछ समय के लिए कमजोर पड़ सकता है.

नौतपा का वैज्ञानिक पक्ष

वहीं, वैज्ञानिक दृष्टि से देखा जाए तो इस समय सूर्य उत्तरी गोलार्ध के बेहद करीब पहुंच जाता है. इसके कारण सूर्य की किरणें पृथ्वी पर लगभग सीधी पड़ती हैं और तापमान तेजी से बढ़ता है. यही वजह है कि मई के अंतिम दिनों में गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस दौरान होने वाली बारिश मानसून की स्थिति को भी प्रभावित कर सकती है.

नौतपा में क्या सावधानी रखें

भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थ लेने की सलाह दी जाती है. सत्तू, बेल का शरबत, दही और मौसमी फलों का सेवन शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस अवधि में जलदान, पंखे, फल और शीतल वस्तुओं का दान शुभ माना जाता है. साथ ही सूर्य देव को जल अर्पित करना और सूर्य मंत्रों का जाप भी लाभकारी माना गया है.

ये भी पढ़ें- तीन साल की रेप पीड़ित बच्ची तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती है, फिर भी स्कूल को क्यों बचाया जा रहा है? – सौरभ भारद्वाज

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button