Sasaram Train Fire : सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड पर सासाराम से आरा होते हुए पटना जा रही सवारी गाड़ी के एक कोच से सुबह करीब 5:30–6:00 बजे के बीच धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों में हड़कंप मच गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
ट्रेन में लगी पाइपलाइन में नहीं था पानी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शुरुआती समय में आग पर काबू पाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। उनका कहना है कि अगर समय रहते पानी और अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल होता तो नुकसान रोका जा सकता था। लोगों ने यह भी दावा किया कि ट्रेन में लगी पाइपलाइन में पानी नहीं था और फायर सिलेंडर भी काम की स्थिति में नहीं थे, जिससे स्थिति बिगड़ती चली गई और एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। बाद में उसे ट्रेन से अलग कर दिया गया।
शॉर्ट सर्किट का संभावित कारण
सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेलवे कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि रेलवे प्रशासन ने इसकी विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना के समय कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था, इसलिए किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
रेलवे के अनुसार, सुबह लगभग 5:30 बजे धुआं निकलने की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई और 6:05 बजे तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में ले ली गई। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
ये भी पढ़ें- गैंगस्टरों ते वार का 117वां दिन, पंजाब पुलिस द्वारा 573 स्थानों पर छापेमारी, 279 काबू
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









