
Twisha Suicide Case : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रहने वाली 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब बेहद गहरा गया है। मूल रूप से नोएडा की रहने वाली ट्विशा का शव बीती 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके ससुराल में फंदे से लटका मिला था। इस मामले में अब मृतका के आखिरी व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम चैट्स सामने आए हैं, जो मौत से ठीक पहले उनके भीतर चल रहे भयानक मानसिक तनाव, घबराहट और बेबसी की कहानी बयां कर रहे हैं। इन संदेशों से साफ है कि ट्विशा खुद को वहां बेहद असुरक्षित और फंसा हुआ महसूस कर रही थीं।
डेटिंग ऐप से मुलाकात और फिर शादी
एमबीए (MBA) पास ट्विशा शादी से पहले दिल्ली की एक नामी कंपनी में लंबे समय तक कार्यरत थीं। साल 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए उनकी मुलाकात भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी कर ली। लेकिन शादी के महज कुछ ही महीनों के भीतर इस रिश्ते का जो अंत हुआ, उसने सबको झकझोर कर रख दिया है।
आखिरी चैट्स में छलका ट्विशा का दर्द
मौत से ठीक 5 दिन पहले यानी 7 मई को ट्विशा ने अपनी एक सहेली से व्हाट्सएप पर लंबी बात की थी। अपनी मनःस्थिति बयां करते हुए ट्विशा ने लिखा था:
“मैं इस वक्त भयंकर एंग्जाइटी (घबराहट) में हूँ क्योंकि मैं बस घर पर बैठी हुई हूँ। मैं अपनी जिंदगी में कुछ करना चाहती हूँ। शादी से परिवार जरूर बनता है, लेकिन आप चाहे जहाँ भी हों, खुद के लिए काम करना बंद नहीं कर सकते।”
इसी चैट में उन्होंने अपनी दोस्त को आगाह करते हुए लिखा था कि “शादी की खुजली में आकर कभी शादी मत करना। बहुत सोच-समझकर ही आगे बढ़ना। फिलहाल बस यही कहूँगी, जल्द ही तुम्हें कॉल करती हूँ।” जब सहेली ने चिंता जताते हुए कॉल करने को कहा, तो ट्विशा का जवाब था, “मैं ठीक हूँ, बस घर की और तेरी बहुत याद आती है।”
ट्विशा का आखिरी खौफनाक मैसेज: “मैं फंस गई हूँ भाई”
ट्विशा की बेबसी का सबसे बड़ा सबूत उनके इंस्टाग्राम चैट से मिलता है, जहाँ उन्होंने अपनी दोस्त को लिखा कि “आई एम ट्रैप्ड ब्रो (मैं यहाँ बुरी तरह फंस गई हूँ भाई)। बस तू कभी मत फंसना। मैं अभी ज्यादा बात नहीं कर सकती, सही वक्त आने पर फोन करूँगी।” इस मैसेज को पढ़कर सहेली ने घबराकर लिखा था कि उसे ट्विशा की बहुत चिंता हो रही है, लेकिन इसके बाद ट्विशा कभी बात करने के लिए नहीं बचीं।
शरीर के जख्मों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को किया संदिग्ध
ट्विशा के भाई आशीष शर्मा का कहना है कि बहन की मौत की खबर पाकर जब वे दिल्ली और अजमेर से भोपाल पहुंचे, तो वहाँ का नजारा किसी खौफनाक मंजर जैसा था। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह ‘फांसी लगाना’ बताई गई है, लेकिन परिजनों का दावा है कि ट्विशा के शरीर पर चोट के कई गहरे निशान मौजूद थे। परिवार का सवाल है कि अगर यह सामान्य आत्महत्या है, तो मौत से पहले शरीर पर ये जख्म किसने दिए?
इसी विरोधाभास के कारण न्याय न मिलता देख परिजनों ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन भी किया था। परिवार की मांग है कि सच का पता लगाने के लिए ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स (AIIMS) में कराया जाए। फिलहाल पिछले पांच दिनों से शव को भोपाल एम्स के मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है।
पूर्व जज की साख और रसूख पर उठे सवाल
इस मामले में मृतका के पति समर्थ सिंह और सास गिरीबाला सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या के संगीन आरोप लगाए गए हैं। चूंकि ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह एक सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) जज हैं, इसलिए पीड़ित परिवार ने शुरू से ही यह आशंका जताई है कि आरोपी पक्ष अपने कानूनी रसूख और प्रभाव के दम पर स्थानीय पुलिस की जांच को प्रभावित कर सकता है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस केस दर्ज करने में लगातार आनाकानी करती रही, जिसके लिए उन्हें मानवाधिकार आयोग और पुलिस कमिश्नर दफ्तर की चौखट पर भटकना पड़ा।
फिलहाल, मामले के लगातार तूल पकड़ने और चैट्स के इस नए खुलासे के बाद प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, जो इस संदिग्ध मौत के पीछे छिपे असली सच को खंगालने में जुटी है।
ये भी पढ़ें – NEET-UG 2026 पेपर लीक जांच में छात्रों के घर पहुंची CBI, अभिभावकों से घंटों की जा रही है पूछताछ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









