PM Modi Norway Tour : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को नॉर्वे की राजधानी ओस्लो पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे ने उनका औपचारिक स्वागत किया। यह लगभग 43 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली नॉर्वे यात्रा बताई जा रही है।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें नॉर्वे पहुंचकर खुशी हुई और गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए वे आभारी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह यात्रा भारत और नॉर्वे के बीच संबंधों को और मजबूत करेगी।
आर्कटिक नीति जैसे अहम मुद्दों पर केंद्रित रहेगा
अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम और रानी सोन्या से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही वे नॉर्वे के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। 19 मई को ओस्लो में होने वाले तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भी वे हिस्सा लेंगे, जिसमें नॉर्वे, स्वीडन, डेनमार्क, फिनलैंड और आइसलैंड के नेता शामिल होंगे। यह शिखर सम्मेलन ग्रीन एनर्जी, डिजिटल तकनीक, रक्षा सहयोग, जलवायु परिवर्तन और आर्कटिक नीति जैसे अहम मुद्दों पर केंद्रित रहेगा। इससे पहले यह बैठक 2018 में स्टॉकहोम और 2022 में कोपेनहेगन में आयोजित हो चुकी है।
पीएम मोदी का सांस्कृतिक कार्यक्रम
भारत और नॉर्वे के बीच व्यापार और निवेश संबंध भी मजबूत हुए हैं, जहां दोनों देशों के बीच अरबों डॉलर का व्यापार हो रहा है और नॉर्वे का सॉवरेन वेल्थ फंड भारतीय बाजार में बड़ा निवेश रखता है। इस यात्रा को भारत-EFTA व्यापार समझौते के बाद और अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ओस्लो पहुंचने पर होटल में पीएम मोदी का सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए स्वागत किया गया और बाद में उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की, जहां लोगों ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया।
ये भी पढ़ें- RCB ने पक्की की प्लेऑफ में जगह, बाकी टीमों में कड़ा मुकाबला, जंग हुई और भी रोमांचक
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









