Middle East Crisis : ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब मध्य-पूर्व के बाहर भी दिखाई देने लगा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मिस्र के दमियाता पोर्ट पर बुधवार को दो गैस टैंकरों में लगी आग को हादसा नहीं, बल्कि ड्रोन हमले का नतीजा बताया जा रहा है। मिस्र सरकार ने गुरुवार को इस घटना की जानकारी दी।
दमकल विभाग ने पाया नियंत्रण
बताया जा रहा है कि ड्रोन हमले का निशाना अमेरिकी कंपनी से जुड़े नैचुरल गैस स्टोरेज टैंकर एनरगोस विंटर था। हमले के बाद टैंकर में आग लग गई, जो देखते ही देखते पास में खड़े दूसरे गैस टैंकर गैसलॉग सलेम तक पहुंच गई। हालांकि, दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर असर
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस हमले के पीछे ईरान का हाथ हो सकता है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दो ईरानी सूत्रों ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यह संदेश देना था कि अगर ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष बढ़ता है तो वैश्विक समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर बड़ा असर पड़ सकता है।
ट्रम्प ने ईरान को दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को फिर चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर हालात ज्यादा बिगड़े तो अमेरिका ईरान के खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई कर सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में बातचीत के जरिए समझौते की संभावना बनी हुई है।
इराक में अमेरिका-सऊदी के संयुक्त हमले का दावा
इस बीच अमेरिका और सऊदी अरब की ओर से इराक में ईरान समर्थित पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज (PMF) के ठिकानों पर संयुक्त हवाई हमले किए जाने की खबर सामने आई है। PMF के अनुसार, इन हमलों में कम से कम 20 लड़ाकों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर भी पड़ा है। ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 90 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर संघर्ष और बढ़ता है तो कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकती है।
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान का दावा
ईरानी नौसेना ने दावा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट और आसपास के समुद्री क्षेत्र पर उसका नियंत्रण है। ईरान का कहना है कि उसकी अनुमति के बिना इस मार्ग से किसी भी जहाज की आवाजाही नहीं हो सकती। होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम तेल व्यापार मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में ऊर्जा संसाधनों की सप्लाई होती है।
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच मिस्र के बंदरगाह पर हुआ यह हमला वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा और समुद्री व्यापार को लेकर नई चिंताएं पैदा कर रहा है। हालांकि, इन घटनाओं पर संबंधित देशों की ओर से आगे की आधिकारिक प्रतिक्रियाओं का इंतजार है।
ये भी पढ़ें- अमित शाह या तो जवाब दें या…., बेकसूर बच्चों पर बरसाई लाठियां, नए बिल में कुछ भी नया नहीं- खड़गे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









