Uttarakhand Heavy Rain : उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, सड़क बंद होने और जलभराव जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज देहरादून, टिहरी, पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है।
अल्मोड़ा और रुद्रप्रयाग में बारिश तेज
अलर्ट के बीच अल्मोड़ा में तेज बारिश दर्ज की गई। वहीं रुद्रप्रयाग की केदारघाटी में सुबह के समय कोहरे के बीच हल्की बारिश हुई। बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम खराब बना हुआ है और लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
देहरादून में पेड़ गिरने से नुकसान
देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र में रविवार तड़के एक पुराने आम के पेड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर बिजली के तारों पर गिर गया। घटना में कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हुए और इलाके की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। वहीं देहरादून की तमसा नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है।
80 सड़कें बंद, टिहरी बांध का जलस्तर बढ़ा
लगातार बारिश के कारण राज्य में 80 सड़कें बंद हैं। इनमें नैनीताल में सबसे ज्यादा 15 सड़कें प्रभावित हैं, जबकि चमोली और पिथौरागढ़ में 13-13 सड़कें बंद हैं। टिहरी बांध का जलस्तर बढ़कर 818.93 मीटर तक पहुंच गया है, जो चेतावनी स्तर 815 मीटर से ऊपर है। हालांकि बांध का खतरे का स्तर 830 मीटर निर्धारित है।
नैनीताल में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटों में नैनीताल के चोरगलिया क्षेत्र में सबसे अधिक 63 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने का खतरा बना हुआ है।
ये भी पढ़ें- महिंद्रा का नया पिकअप ट्रक, ग्लोबल मार्केट में उतरेगा लाइफस्टाइलर, कई देशों में लॉन्च की तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









