BRICS Summit : नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उम्मीद जताई है कि बैठक में शामिल होने वाले देशों के नेता वैश्विक कल्याण की भावना के साथ अहम मुद्दों पर रचनात्मक और सार्थक बातचीत करेंगे. शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में अलग-अलग देशों के नेता BRICS के मंच पर जुटेंगे और इस बैठक से सकारात्मक परिणाम निकलने की पूरी उम्मीद है.
नई दिल्ली के भारत मंडपम में शनिवार से शुरू हो रहे दो दिवसीय सम्मेलन में भोजन सुरक्षा, ऊर्जा सहयोग, स्वास्थ्य, आपदा जोखिम कम करने और महत्वपूर्ण आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर चर्चा होगी.
भारत मौजूदा जटिल और बिखरे हुए भू-राजनीतिक माहौल के बीच BRICS को सहयोग और स्थिरता के प्रभावी मंच के रूप में मजबूत करने पर जोर दे रहा है. यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब रूस-यूक्रेन युद्ध, पश्चिम एशिया में तनाव और अमेरिका की व्यापार एवं टैरिफ नीतियों का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर दिखाई दे रहा है.
कई देशों के प्रमुख दिल्ली पहुंचेंगे
BRICS बैठक में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगेय मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद और वियतनाम के प्रधानमंत्री भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.
पुतिन-मोदी मुलाकात पर भी नजर
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को तीन दिवसीय भारत यात्रा पर पहुंचे. BRICS सम्मेलन में शामिल होने के अलावा वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे. फरवरी 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह BRICS शिखर सम्मेलन में पुतिन की रूस से बाहर पहली व्यक्तिगत मौजूदगी है.
दोनों नेताओं की बातचीत में रक्षा, ऊर्जा, तकनीक, फार्मास्यूटिकल्स और जन-संपर्क सहयोग जैसे क्षेत्रों पर चर्चा होने की उम्मीद है. सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर है. करीब 15 हजार पुलिसकर्मी, अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियां और 500 से अधिक CCTV कैमरों के जरिए राजधानी की निगरानी की जा रही है.
ये भी पढ़ें- भारत के पास 190 परमाणु बम, 35 और बनाने की तैयारी, कुल संख्या 225 तक पहुंचेगी, FAS की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








