Mexico Burning Bull : मैक्सिको के एक गांव में त्योहार के दौरान चल रहा जश्न अचानक बड़े हादसे में बदल गया. ‘बर्निंग बुल’ के नाम से होने वाले पारंपरिक आयोजन में आतिशबाजी के दौरान आग भड़क गई. देखते ही देखते आग पटाखों के भंडार तक पहुंच गई और जोरदार विस्फोट हो गया. हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 60 लोग घायल बताए जा रहे हैं.
घटना शनिवार को मध्य मैक्सिको के टेमास्कालसिंगो नगरपालिका के सांता मारिया कांचेस्डा गांव में हुई. सामने आए वीडियो में लोग पुआल से तैयार किए गए बैल को लेकर चलते दिखाई दे रहे हैं. बैल के आसपास और उसके ऊपर पटाखे लगाए गए थे, जिनसे लगातार आतिशबाजी की जा रही थी. यह कार्यक्रम स्थानीय परंपरा का हिस्सा बताया जा रहा है.
तेज विस्फोट से आसपास की दीवारें ढहीं
इसी दौरान बैल में लगी आतिशबाजी से आग लग गई. बताया गया कि आग गांव के चर्च में रखे पटाखों के बड़े भंडार तक पहुंच गई. इसके बाद इतना तेज विस्फोट हुआ कि आसपास की दीवारें ढह गईं और गांव के मुख्य चौक में आग फैल गई.
धमाके के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. कई लोग मलबे में फंस गए. सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. एटलाकोमुल्को नगरपालिका के डायोसिस के मुताबिक, हादसे में दो पादरी भी घायल हुए हैं. हालांकि दोनों की हालत गंभीर नहीं बताई गई है.
विस्फोट की वजह अभी साफ नहीं
वहीं, मैक्सिको के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने कहा है कि विस्फोट की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. घटना की जांच शुरू कर दी गई है और अधिकारियों की टीम हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
मैक्सिको में पटाखों से जुड़े हादसे पहले भी बड़ी संख्या में लोगों की जान ले चुके हैं. जुलाई 2018 में मैक्सिको सिटी के उत्तर में स्थित तुल्तेपेक में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 24 लोगों की मौत हुई थी. इससे पहले 2016 में इसी शहर के एक पटाखा बाजार में हुए भीषण धमाके में 42 लोगों की जान चली गई थी.
सांता मारिया कांचेस्डा में हुए ताजा हादसे के बाद अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आतिशबाजी की चिंगारी पटाखों के भंडार तक कैसे पहुंची और घटना ने इतना भयावह रूप कैसे ले लिया.
ये भी पढ़ें- यूपी में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 2.10 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









