Haryana

हरियाणा में सफाई कर्मचारियों को बड़ी राहत, 60 साल तक रहेगी सेवा, वेतन भी बढ़ेगा

Haryana News : हरियाणा में पालिका रोल पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों की जॉब सिक्योरिटी को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ा बयान दिया है. सरकार ने इन कर्मचारियों को हरियाणा संविदात्मक कर्मचारी अधिनियम-2024 के दायरे में लाने पर सहमति जताई है. इससे उन्हें नियमित कर्मचारियों के लगभग समान लाभ दिए जा सकेंगे.

वर्तमान में प्रदेश के नगर निकायों में 13,093 पालिका रोल के सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं. इन कर्मचारियों को अभी 20,590 रुपये मासिक राशि दी जा रही है.

60 वर्ष तक सेवा और 2,000 रुपये जोखिम भत्ता

सरकार के इस फैसले के बाद पालिका रोल के सफाई कर्मचारियों की सेवा 60 वर्ष की आयु तक सुनिश्चित हो सकेगी. इसके साथ ही कर्मचारियों को हर महीने 2,000 रुपये का जोखिम भत्ता भी मिलेगा. सरकार ने कर्मचारियों के हित में एक कदम और बढ़ाते हुए मासिक वेतन में अधिनियम के तहत मिलने वाली राशि के अलावा 15 प्रतिशत अतिरिक्त राशि देने पर भी सहमति जताई है.

2024 के अधिनियम के तहत मिलेंगी कई सुविधाएं

हरियाणा संविदात्मक कर्मचारी अधिनियम-2024 के दायरे में आने के बाद कर्मचारियों को वार्षिक महंगाई भत्ता, डेथ कम ग्रेच्युटी, मातृत्व अवकाश, HKRNL के तहत मिलने वाली एक्स ग्रेशिया वित्तीय सहायता राशि और नियुक्ति जैसी सुविधाएं मिलेंगी.पालिका रोल पर 10 वर्षों से अधिक समय से काम कर रहे सफाई कर्मचारियों की मासिक देय राशि 25,560 रुपये होगी.

छह महीने में महंगाई भत्ता

सरकार ने इन कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं के अलावा हर वर्ष वेतन में वृद्धि करने पर भी सहमति दी है. साथ ही हर छह महीने बाद महंगाई भत्ता बढ़ाने का प्रावधान भी सुनिश्चित किया जाएगा.

सरकार कर्मचारियों को ग्रेच्युटी का लाभ भी सुनिश्चित करेगी. इस तरह पालिका रोल पर लंबे समय से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी के साथ कई वित्तीय और सेवा संबंधी लाभ मिल सकेंगे.

ये भी पढ़ें- Kanpur Aircraft Crash : कानपुर में गंगा बैराज पर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, पायलट और ट्रेनर की मौत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button