Priyanka Gandhi : संसद के मॉनसून सत्र के बीच गुरुवार को संसद परिसर में विपक्षी नेताओं के बीच हल्के-फुल्के अंदाज में सियासी नोकझोंक देखने को मिली. तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद कल्याण बनर्जी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बीच हुई बातचीत में कई राजनीतिक टिप्पणियां सुनने को मिलीं. इस दौरान निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी मौजूद रहे. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है, जिसमें वहां मौजूद अन्य सांसद भी मुस्कुराते नजर आए.
बताया जा रहा है कि कल्याण बनर्जी संसद परिसर में अपने ऊपर एक बैनर लगाए हुए थे. इसी दौरान प्रियंका गांधी और पप्पू यादव भी वहां पहुंचे. कल्याण बनर्जी ने कहा कि वह 20 गद्दारों की तस्वीर लेकर आए हैं, जो संसद के अंदर बैठे हैं.
प्रियंका गांधी और कल्याण बनर्जी के बीच बातचीत
इस पर प्रियंका गांधी ने जवाब देते हुए कहा, “कुछ लोग पहले हमारे यहां से आपके यहां गए और फिर बीजेपी में चले गए.” जवाब में कल्याण बनर्जी ने कहा, “पश्चिम बंगाल में आप लोगों का कुछ भी नहीं था, इसलिए आपको छोड़कर हमारे पास आ गए थे. जो लोग आपके यहां से हमारे पास आए थे, वे कांग्रेस के टिकट पर कभी भी संसद में नहीं आए थे.”
बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने हस्तक्षेप करते हुए कहा, “तो वो कांग्रेसी हैं ना…” इस पर कल्याण बनर्जी ने मुस्कुराते हुए कहा, “अरे, कांग्रेसी तो हम लोग भी थे.”
आप लोगों ने तो दीदी को भगा दिया था
इसके बाद कल्याण बनर्जी ने प्रियंका गांधी से कहा, “आप लोगों ने तो दीदी को भगा दिया था, अरे दीदी को नहीं भगाते तो आप लोगों का ऐसा हाल होता?” इस पर प्रियंका गांधी ने कहा, “दीदी को राजीव जी बहुत सम्मान और प्यार दिया करते थे.” जवाब में कल्याण बनर्जी ने कहा कि उस समय कांग्रेस, सीपीएम के साथ चली गई थी, जबकि उनकी पार्टी हमेशा से सीपीएम के खिलाफ रही है.
अलग दल में विलय का फैसला
आपको बता दें कि यह भी दावा किया गया है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर राजनीतिक उथल-पुथल देखने को मिली और पार्टी के कई सांसदों ने अलग राजनीतिक रास्ता अपनाने का फैसला किया. इन सांसदों ने कथित तौर पर एक अलग दल में विलय कर केंद्र की एनडीए सरकार को समर्थन देने की घोषणा की.
ये भी पढ़ें- विजिलेंस इन एक्शन मोड, 8 लाख रुपये रिश्वत के आरोप में एसडीओ गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









