Digital Fraud : बिहार के बांका जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. डिजिटल इंडिया के दौर में साइबर अपराधियों ने ऐसा तरीका अपनाया, जिसमें न स्मार्टफोन की जरूरत पड़ी और न ही किसी ओटीपी की. रजौन प्रखंड के तिलकपुर निवासी मनोज कुमार सिंह और उनकी पत्नी पूनम देवी के खाते से 75,500 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई.
पीड़ित दंपति के पास केवल साधारण कीपैड मोबाइल फोन है. उन्हें ठगी की जानकारी तब हुई जब 6 मई 2026 को वे बैंक में पैसे निकालने पहुंचे. खाते की जांच के दौरान पता चला कि अप्रैल महीने में ही उनके खातों से रकम निकाली जा चुकी है. बैंक स्टेटमेंट के अनुसार, 10 अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच मनोज कुमार सिंह के खाते से 25,500 रुपये और उनकी पत्नी पूनम देवी के खाते से 50,000 रुपये निकाल लिए गए.
क्लोन फिंगरप्रिंट के जरिए ठगी का शक
मामले की जानकारी मिलने के बाद दंपति ने बीते गुरुवार को बांका साइबर थाना में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई. बैंक कर्मियों ने उन्हें बताया कि यह निकासी संभवतः किसी दूसरे राज्य में आधार आधारित भुगतान प्रणाली (AePS) के जरिए की गई है. इस प्रक्रिया में ठग बिना एटीएम कार्ड और बिना बैंक पहुंचे केवल आधार संबंधी जानकारी और क्लोन फिंगरप्रिंट के जरिए पैसे निकाल लेते हैं.
मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह रकम उनके परिवार के खर्च का सहारा थी. पैसे निकल जाने के बाद परिवार आर्थिक परेशानी का सामना कर रहा है. फिलहाल साइबर थाना पुलिस ट्रांजेक्शन हिस्ट्री और लोकेशन के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें- फ्रेशर्स के लिए सुनहरा मौका, पीएम इंटर्नशिप स्कीम से शुरू करें करियर,हर महीने मिलेंगे 9 हजार रुपए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









