Punjabराज्य

गोपालगंज वीडियो विवाद: डांसर अर्चना तिवारी की सफाई, FIR से खुद को अलग बताया

Bihar News : मोकामा के विधायक अनंत सिंह हाल ही में गोपालगंज में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां उनका एक वीडियो सामने आया था जिसमें वे मुजरा देखते नजर आ रहे थे. इसके साथ ही एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग हथियारों के साथ डांस करते दिखे. इन घटनाओं को लेकर गोपालगंज में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.

इस पूरे मामले पर अब मुंबई की डांसर अर्चना तिवारी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है, जिन्होंने उस कार्यक्रम में परफॉर्म किया था. शुक्रवार (8 मई, 2026) को पटना में एक कार्यक्रम के लिए पहुंचीं अर्चना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर से उनका कोई संबंध नहीं है और उन्होंने केवल अपना परफॉर्मेंस दिया था.

बिहार से पुराने संबंध का किया जिक्र

वायरल वीडियो को लेकर उठे सवालों पर अर्चना ने कहा कि बंदूक वाला जो वीडियो सामने आया है, उसे अलग तरीके से जोड़ा गया है और इसके जरिए विधायक अनंत सिंह की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है, जबकि वह खुद वहां मौजूद थीं.

अर्चना ने यह भी बताया कि वह मुंबई की रहने वाली हैं और इससे पहले भी कई बार बिहार आ चुकी हैं, उन्होंने कहा कि अनंत सिंह की बेटी की शादी में भी वह परफॉर्म कर चुकी हैं. उनके अनुसार, बिहार में उन्हें कभी किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और यहां के लोग कला को समझते और सराहते हैं.

सिर्फ डांस देखने पर FIR को बताया अनुचित

उन्होंने आगे कहा कि जिस तरह का आरोप लगाया गया है वह पूरी तरह गलत और झूठा है. अर्चना ने सवाल उठाते हुए कहा कि केवल डांस देखने पर किसी पर एफआईआर दर्ज करना उचित नहीं है, उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई निजी रंजिश के चलते ऐसा कर रहा है तो यह गलत है.

मीडिया से बातचीत में उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उनके डांस में किसी भी तरह की अश्लीलता नहीं थी और न ही उनका पहनावा आपत्तिजनक था. अर्चना ने आग्रह किया कि इस तरह के मामलों में बिना वजह कार्रवाई न की जाए, क्योंकि इससे उनकी और उनके परिवार की छवि पर असर पड़ता है.

विदेशों में भी परफॉर्म करने का किया दावा

वहीं, गोपालगंज एसपी का जिक्र करते हुए अर्चना ने कहा कि उनका नाम अर्चना तिवारी है और जिन्होंने एफआईआर दर्ज की है उनका भी उपनाम तिवारी ही है, उन्होंने बताया कि वह एक शिक्षित परिवार से आती हैं, उनकी मां नौकरी करती हैं और डांस उनका पेशा और जुनून दोनों है. अर्चना ने यह भी कहा कि वह न सिर्फ देश में बल्कि विदेशों में भी परफॉर्म करती हैं.

ये भी पढ़ें- फ्रेशर्स के लिए सुनहरा मौका, पीएम इंटर्नशिप स्कीम से शुरू करें करियर,हर महीने मिलेंगे 9 हजार रुपए

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button