मौसम

देश में मौसम बदलेगा: कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओले का अलर्ट

IMD Alert : देश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले एक सप्ताह के लिए देश के कई हिस्सों में खराब मौसम की संभावना जताते हुए चेतावनी जारी की है. पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर, पूर्व और दक्षिण भारत के अलग-अलग राज्यों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने जैसी स्थितियां बन सकती हैं.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 11 मई के आसपास पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर धीरे-धीरे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों तक पहुंचेगा. इसके चलते दिल्ली-एनसीआर में भी अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और दो दिनों तक बारिश होने की संभावना है.

उत्तर भारत में मौसम का बदलेगा मिजाज

उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में 11 से 14 मई के बीच मौसम काफी बदल सकता है. इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश के आसार जताए गए हैं. वहीं बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 9 मई के आसपास तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की संभावना भी बनी हुई है.

दूसरी ओर राजस्थान और गुजरात में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई स्पष्ट संकेत नहीं हैं. इन राज्यों के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू का असर जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिम राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ में तापमान लगातार ऊंचा बना रहेगा, जबकि हाल ही में बाड़मेर में अधिकतम तापमान लगभग 44 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया.

पहाड़ी राज्यों में मौसम रहेगा सक्रिय

पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 11 से 14 मई के बीच मौसम काफी सक्रिय रहने की संभावना है. यहां तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है. कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.

दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी

वहीं, दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना हैं. खासकर केरल और तमिलनाडु में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की स्थिति बन सकती है. वहीं महाराष्ट्र, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा.

ये भी पढ़ें- फ्रेशर्स के लिए सुनहरा मौका, पीएम इंटर्नशिप स्कीम से शुरू करें करियर,हर महीने मिलेंगे 9 हजार रुपए

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button