Weather Update India : उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रहा है, जहां कई इलाकों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. हालांकि, इस तपती गर्मी के बीच अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं. बीते सोमवार रात से कई जगहों पर तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चली, जिससे लोगों को थोड़ी राहत महसूस हुई.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में अगले तीन दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. मंगलवार से गुरुवार तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, खासतौर पर 29 अप्रैल के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है. फिलहाल राजधानी में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, लेकिन बारिश के बाद इसमें गिरावट आने की संभावना जताई गई है.
उत्तर प्रदेश में लू का असर बरकरार
मंगलवार के लिए न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आंधी और बारिश के चलते गर्मी से अस्थायी राहत जरूर मिलेगी.
वहीं, उत्तर प्रदेश में अभी भी लू का असर जारी है. कई जिलों में पारा 45 डिग्री के करीब पहुंच चुका है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
हालांकि, राज्य के कुछ हिस्सों में अगले एक-दो दिनों के भीतर तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है.
राजस्थान से दिल्ली तक दिखेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी इलाकों में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में यह बदलाव हो रहा है. यह सिस्टम धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ रहा है, जिसकी वजह से राजस्थान, हरियाणा होते हुए दिल्ली-एनसीआर तक इसका असर देखने को मिलेगा. इसके चलते धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं.
मौसम विभाग ने जारी की सावधानी की सलाह
पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी क्षेत्रों में पूरे सप्ताह बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. यहां तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं. कुछ स्थानों पर भारी बारिश के चलते जलभराव जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है.
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि आंधी-तूफान के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें. आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का यह बदला हुआ रूप देखने को मिल सकता है, जिससे गर्मी से राहत के साथ-साथ कुछ चुनौतियां भी सामने आ सकती हैं.
ये भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय सेना की बढ़ी ताकत, 50 नई यूनिट्स और हाईटेक हथियारों से लैस
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









